16 जुलाई 2019 - 15:55
हम तेल बेचेंगे किन्तु अपनी प्रतिष्ठा कदापि नहीं" ज़रीफ़

विदेशमंत्री मोहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने कहा कि यूरोप को चाहिये कि वह इस अंतरराष्ट्रीय समझौते की सुरक्षा के लिए पूंजी निवेश करे जिसका अभी तक हम साक्षी नहीं थे।

विदेशमंत्री मोहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने कहा है कि ईरानी अपना तेल बेचेंगे किन्तु अपनी प्रतिष्ठा कदापि नहीं बेचेंगे। पार्स टूडे की रिपोर्ट के अनुसार जवाद ज़रीफ़ ने न्यूयार्क में बीबीसी के साथ साक्षात्कार में कहा कि हम अपना तेल बेचेंगे किन्तु अपनी प्रतिष्ठा कदापि नहीं!

इसी तरह विदेशमंत्री ने न्यूयार्क पहुंचने पर यूरोपीय पक्षों की ओर से परमाणु समझौते की सुरक्षा हेतु गम्भीर इरादे और अमल पर बल दिया था। उन्होंने परमाणु समझौते को बाकी रखने हेतु केवल यूरोपीय देशों की इच्छा को अपर्याप्त बताया और कहा कि यूरोप को चाहिये कि वह इस अंतरराष्ट्रीय समझौते की सुरक्षा के लिए पूंजी निवेश करे जिसका अभी तक हम साक्षी नहीं थे।

ज्ञात रहे कि विदेशमंत्री मोहम्मद जवाद ज़रीफ़ राष्ट्रसंघ की आर्थिक और सामाजिक परिषद के उच्चाधिकारियों की बैठक में भाग लेने के लिए न्यूयार्क गये हैं जो 9 जुलाई से आरंभ हुई है और 18 जुलाई तक चलेगी और उसके अंतिम दिनों में यह बैठक मंत्री स्तर की होगी।

ईरान जारी वर्ष में इस परिषद का सदस्य बना है और आशा है कि विदेशमंत्री इस परिषद की बैठक में भाषण देंगे। विदेशमंत्री न्यूयार्क बैठक के बाद गुट निरपेक्ष आंदोलन के विदेशमंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए वेनेज़ोएला जायेंगे।