15 जुलाई 2019 - 12:35
ईरान अपने तेल का निर्यात हर हाल में जारी रखेगा, ईरान की दो टूक घोषणा

ईरान ने दो टूक शब्दों में कह दिया है कि वह अपना तेल बेचने का क्रम जारी रखेगा।

इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने ब्रिटेन के विदेशमंत्री जर्मी हंट से टेलीफ़ोनी वार्ता में अमरीकी प्रतिबंधों को ग़ैर क़ानूनी क़रार देते हुए कहा कि ईरान अपने तेल निर्यात का क्रम जारी रखेगा।

उन्होंने जर्मी हंट के साथ अपनी टेलीफ़ोनी वार्ता में ईरानी तेल टैंकर के क़ानूनी रास्ते का उल्लेख करते हुए कहा कि यूरोपीय संघ को जो हमेशा ईरान के विरुद्ध अमरीकी प्रतिबंधों का विरोधी रहा है, अमरीकी कार्यवाहियों का अनुसरण नहीं करना चाहिए और ईरानी आयल टैंकर को तुरंत स्वतंत्र कर दिया जाना चाहिए।

विदेशमंत्री ने इसी प्रकार डबल नागरिकता रखने वाली नाज़ेनीन ज़ाग़ेरी के विरुद्ध ईरान की न्याय पालिका की कार्यवाहियों को क़ानूनी क़रार देते हुए कहा कि आशा है कि ब्रिटेन की सरकार, ईरान की न्याय पालिका की ओर से क़ानून पर अमल किए जाने और उसकी पूर्ण स्वतंत्रता का सम्मान करेगी।

इस टेलीफ़ोनी वार्ता में ब्रिटेन के विदेशमंत्री ने भी तेल के निर्यात से संबंधित ईरान के क़ानूनी हक़ पर बल दिया और क्षेत्र में तनाव पर चिंता व्यक्त करत हुए आशा व्यक्त की कि जिब्राल्टर स्ट्रेट में क़ानूनी समीक्षा के परिणाम में ईरानी आयल टैंकर शीघ्र ही छोड़ दिया जाएगा।

ग़ौरतलब है कि 4 जुलाई को ब्रिटिश नौसेना जिब्राल्टर स्ट्रेट में ईरानी तेल टैंकर को ग़ैर क़ानूनी तरीक़े से रोक लिया गया था।

ब्रिटेन के इस ग़ैर क़ानूनी क़दम के बाद, तेहरान में इस देश के राजदूत को विदेश मंत्रालय में उसी दिन तलब किया गया था जिसमें ब्रिटेन के इस क़दम को ग़ैर क़ानूनी क़रार देते हुए तेल टैंकर को तुंरत छोड़ने की मांग की गयी थी।