दक्षिणी कोरिया ने घोषणा की है कि अमरीका ने उत्तरी कोरिया के विरुद्ध लगाए प्रतिबंधों को कुछ शर्तों के साथ हटाने की बात कही है। दक्षिणी कोरिया की सरकारी समाचार एजेन्सी यून्हाब ने शुक्रवार को बताया है कि वाशिग्टन, 12 से 18 महीनों तक उत्तरी कोरिया के पत्थर के कोयले और टेक्सटाइल निर्यात पर लगाए गए प्रतिबंधों को हटाना चाहता है। इसके लिए अमरीका ने यह शर्त खरी है कि उत्तरी कोरिया अपने परमाणु प्रतिष्ठान को बंद करने के साथ ही अपने सारे ही परमाणु कार्यक्रमों को रोक दे। पत्थर के कोयले और टेक्सटाइल निर्यात ही उत्तरी कोरिया की आय का प्रमुख स्रोत हैं। इन प्रतिबंधों के हट जाने से उत्तरी कोरिया को अधिक विदेशी मुद्रा अर्जित करने का अवसर मिलेगा।
इसी बीच अमरीका के विदेशमंत्री माइम पोम्पियो ने कहा है कि उत्तरी तथा दक्षिणी कोरिया की सीमा पर अमरीका एवं उत्तरी कोरिया के राष्ट्राध्यक्षों की भेंट के बाद इस बात की संभावना बहुत बढ़ गई है कि दोनो पक्षों को के बीच इस महीने के बीच से वार्ता आरंभ हो जाए।