समाचार एजेंसी इर्ना की रिपोर्ट के मुताबिक़, पूर्वोत्तर ईरान की सीमाओं का निरीक्षण के बाद ताईबाद शहर में शिया-सुन्नी धर्मगुरुओं और क़बायली नेताओं को संबोधित करते हुए मेजर जनरल मोहम्मद बाक़ेरी ने कहा कि सशस्त्र बल देश की सुरक्षा को लेकर किसी भी ख़तरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा कि ईरान की सुन्नी और शिया जनता और क्रांतिकारी धर्मगुरु, ईरानी राष्ट्र के दुश्मनो की सभी साज़िशों को विफल बना देंगे।
इससे पहले ईरान के सशस्त्र बल के संयुक्त कमान के चीफ़ मेजर जनरल मोहम्मद बाक़ेरी ने राजधानी तेहरान में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा था कि, ईरान युद्ध नहीं चाहता लेकिन युद्ध से डरने वाला भी नहीं है। उनका कहना था कि ईरान के सशस्त्र बल दुश्मन के संभावित आक्रमण का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए हर समय तैयार हैं।
उल्लेखनीय है कि मेजर जनरल बाक़ेरी ने इससे पहले ब्रिटेन द्वारा ईरान के तेल टैंकर को अवैध तरीक़े से रोकने पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए ब्रिटिश अधिकारियों को चेतावनी दी थी कि, ईरान के तेल टैंकर के स्ट्रेट ऑफ़ जिब्राल्टर में ब्रिटेन द्वारा अवैध रूप से रोके जाने का ईरान उचित जवाब देगा। बाक़ेरी ने कहा था कि, "ईरान के तेल टैंकर पर क़ब्ज़े का जवाब दिया जाएगा और तेहरान ब्रिटेन के इस निंदनीय क़दम का सही समय व स्थान पर जवाब देगा।"