3 जुलाई 2019 - 11:52
यूरोप, ईरान के संबंध में अपने आर्थिक वादों को पूरा करेः रूस

रूस के विदेश मंत्री ने बल दे कर कहा है कि यूरोप को परमाणु समझौते के अंतर्गत ईरान के संबंध में अपने आर्थिक वादों को पूरा करना चाहिए और इस देश के तेल की बिक्री का मार्ग समतल करना चाहिए।

सरगेई लावरोफ़ ने एक पत्रकार सम्मेलन में कहा कि अमरीका ने ईरान के ख़िलाफ़ अपने प्रतिबंध कड़े कर दिए हैं इस लिए परमाणु समझौते में ईरान के लिए जो आर्थिक हित दृष्टिगत रखे गए हैं उन्हें सुनिश्चित बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनका देश यूरोप से मांग करता है कि वह ईरान के संबंध में जेसीपीओए के अंतर्गत अपनी कटिबद्धताओं का पालन करें और इसमें ईरान के लिए जो आर्थिक लाभ दृष्टिगत रखे गए हैं उनका समर्थन करें। लावरोफ़ ने कहा कि अमरीका के प्रतिबंधों के कारण ही ईरान ने अपने संवर्धित यूरेनियम का भंडार बढ़ाया है। उन्होंने इसी के साथ तेहरान से संयम की अपील की।

 

रूस के विदेश मंत्री ने कहा कि मई 2018 में अमरीका के परमाणु समझौते से एकपक्षीय रूप से निकल जाने के बाद ईरान, अपने संवर्धित यूरेनियम को रूस समेत अन्य देशों को बेच रहा था लेकिन अमरीका ने प्रतिबंध लगा कर ईरान के भारी पानी और संवर्धित यूरेनियम की बिक्री को व्यवहारिक रूप से असंभव बना दिया। सरगेई लावरोफ़ ने कहा कि रूस ने पहले ही सचेत कर दिया था कि इस प्रकार के प्रतिबंध, ईरान को ऐसी स्थिति में डाल देंगे कि वह जेसीपीओए के दृष्टिगत स्तर को पीछे छोड़ देगा।