संयुक्त राष्ट्रसंघ में ईरानी राजदूत ने कहा है कि इंस्टेक्स बहुत सुन्दर गाड़ी की भांति है परंतु उसमें पेट्रोल नहीं है। तख्त रवांची ने ईरान से यूरोप की विशेष व्यापारिक व्यवस्था इंस्टेक्स के बारे में कहा कि वर्तमान समय में इंस्टेक्स काफी नहीं है।
समाचार एजेन्सी इर्ना की रिपोर्ट के अनुसार मजीद तख्त रवांची ने पत्रकारों से वार्ता में बल देकर कहा कि इंस्टेक्स को ईरान की ज़रूरतों को पूरा करना चाहिये और पैसे के बिना यह व्यवस्था उस बहुत सुन्दर गाड़ी की भांति है जो पेट्रोल के बिना हो।
राष्ट्रसंघ में ईरान के राजदूत ने परमाणु समझौते के संबंध में यूरोपीय देशों द्वारा अपने वचनों पर अमल न करने की ओर संकेत किया और कहा कि जब से अमेरिका इस समझौते से निकला है यूरोपीय देशों ने इस समझौते को बाकी रखने की दिशा में कोई ठोस कार्य अंजाम नहीं दिया है।
मजीद तख्त रवांची ने कहा कि वर्तमान समय में परमाणु समझौते पर ठीक से अमल नहीं हो रहा है और ईरान एकपक्षीय रूप से इस अंतरराष्ट्रीय समझौते में अपने वचनों का पालन जारी नहीं रख सकता।
साथ ही उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष के दौरान ईरान ने परमाणु समझौते में अपने समस्त वचनों का पालन किया है परंतु यूरोपीय देशों ने केवल विज्ञप्ति जारी की और इस समझौते के प्रति अपने समर्थन की घोषणा की है।
रवांची ने बल देकर कहा कि केवल परमाणु समझौते के समर्थन से ईरान की समस्याओं का समाधान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि अगर यूरोप परमाणु समझौते को बाकी रहना चाहता है तो उसे चाहिये कि इस समझौते को बाकी रखने के लिए व्यवहारिक व ठोस कदम उठाये।
यूरोप ने महीनों के विचार- विमर्श के बाद घोषणा की थी कि वह जुलाई में आधिकारिक रूप से इंस्टेक्स को क्रियान्वित कर देगा परंतु आज तक वह व्यवहारिक नहीं हुआ।