डोनाल्ड ट्रम्प जापान में गुट-20 के शिखर सम्मेलन में भाग लेने के बाद दक्षिणी कोरिया पहुंचे। शनिवार की सुबह ट्रम्प ने जापान में ट्वीट करके आशा व्यक्त की थी कि अगर उत्तरी कोरिया के नेता के साथ उनकी दो मिनट की भी भेंट हो गई तो वह काफ़ी है। अमरीकी राष्ट्रपति ट्र्म्प, उत्तरी कोरिया के नेता किम जांग ऊन से दक्षिणी तथा उत्तरी कोरिया के असैन्यकृत क्षेत्र में भेंटवार्ता के इच्छुक हैं। अपने ट्वीट में ट्रम्प ने लिखा था कि चीन के राष्ट्रपति सहित कुछ नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठकें करके मैं दक्षिणी कोरिया जाऊंगा। अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने लिखा है कि मेरे ट्विट को यदि उत्तरी कोरिया के नेता देखते हैं तो मैं उनसे दक्षिणी तथा उत्तरी कोरिया की सीमा पर हाथ मिलाकर हेल कहना चाहूंगा। बाद में ट्रम्प ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि हम देखते हैं कि अगर किम जोंग ऊन वहां पर हुए तो हम दो मिनट के लिए मिल सकते हैं। उल्लेखनीय है कि अमरीका तथा उत्तरी कोरिया के बीच दूसरी बार वार्ता की विफलता के बाद अमरीका और उत्तरी कोरिया के बीच डायलाॅग का क्रम टूट चुका है।
ज्ञात रहे कि दक्षिणी कोरया की यात्रा में ट्रम्प वहां के नेताओं के साथ विचार-विमर्श करेंगे। ट्रम्प की दक्षिणी कोरिया की यह दूसरी यात्रा है।