26 जून 2019 - 14:47
डाक्टर रूहानी ने फिर दोहराया कि ईरान इलाक़े में युद्ध नहीं चाहता, लेकिन किसी ने रेड लाइन पार की तो जवाब ज़रूर दिया जाएगा

डाक्टर रूहानी ने फिर दोहराया कि ईरान इलाक़े में युद्ध नहीं चाहता, लेकिन किसी ने रेड लाइन पार की तो जवाब ज़रूर दिया जाएगा

इस्लामी गणतंत्र  ईरान के राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने कहा कि ईरान इलाक़े में युद्ध और झड़प नहीं चाहता लेकिन दुशमनों को अपनी राष्ट्रीय संप्रभुता के हनन की हरगिज़ अनुमति नहीं देगा।

डाक्टर हसन रूहानी ने बुधवार को मंत्रीमंडल की बैठक में ईरान की वायु सीमा में अमरीकी ड्रोन के प्रवेश की घटना का हवाला देते हुए कहा कि यदि कोई दुशमन ईरान की सीमाओं का उल्लंघन करता है और रेड लाइन पार करता है तो ईरान उसे ठोस जवाब देगा।

इससे पहले राष्ट्रपति रूहानी ने फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैकक्रां के साथ टेलीफ़ोनी वार्ता में भी कहा कि ईरान इलाक़े में युद्ध नहीं चाहता लेकिन किसी भी अतिक्रमण को सहन नहीं करेगा। 

राष्ट्रपति रूहानी ने कहा कि जिस वायु रक्षा व्यवस्था से अमरीकी ड्रोन को गिराया गया वह पूर्ण रूप से ईरान निर्मित है। उन्होंने कहा कि ईरान रक्षा व अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में सराहनीय प्रगति कर चुका है।

डाक्टर रूहानी ने अमरीका की ईरान विरोधी नीतियों का हवाला देते हुए कहा कि इन दिनों वाइट हाउस बौखलाया हुआ है और अमरीकी अधिकारियों की ओर से बड़े हास्यास्पद बयान आ रहे हैं।

राष्ट्रपति रूहानी ने अमरीका के इस निराधार दावे की ओर संकेत किया कि उसे इस बात की चिंता है कि ईरान परमाणु हथियार न बना ले। डाक्टर रूहानी ने कहा कि यदि ट्रम्प को ईरान द्वारा परमाणु हथियार बना लिए जाने की चिंता है तो वह अतिग्रहणकारी इस्राईली सरकार के बारे में क्यों चुप हैं जिसने भारी मात्रा में परमाणु हथियार बना लिए हैं।

डाक्टर रूहानी ने कहा कि इस्लामी क्रान्ति के वरिष्ठ नेता के फ़तवे के आधार पर और आईएईए की रिपोर्टों के आधार पर साबित हो चुका है कि ईरान परमाणु हथियार बनाने की कोशिश नहीं कर रहा है जबकि अमरीकियों ने अपने रवैए से साबित कर दिया है कि उनके बयान बे बुनियाद और झूठे हैं।