25 जून 2019 - 14:46
ट्रम्प ने ईरान पर लगाए नए प्रतिबंध, ज़रीफ़ को निशाना बनाकर देश के लोगों के निशाने पर आ गए ट्रम्प

अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने बेबुनियाद बहानों के तहत ईरान पर नए प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है।

ट्रम्प ने कहा कि उन्होंने प्रतिबंध लगाने के संबंध में आदेश पर हस्ताक्षर कर दिए हैं जिसके अनुसार ईरान पर भयावह प्रतबंध लगेंगे तथा ईरान के सुप्रीम लीडर का विभाग पर प्रतिबंधों के दायरे में आएगा।

ट्रम्प ने कहा कि हम ईरान पर दबाव बढ़ाते रहेंगे ताकि ईरान परमाणु हथियार हासिल न कर सके। ट्रम्प ने इस बारे में कोई ब्योरा  दिए बिना कहा कि इन प्रतिबंधों से वित्तीय स्रोतों तक ईरानी अधिकारियों को पहुंच सीमित होगी। ट्रम्प ने कहा कि उन्होंने ईरान द्वारा अमरीका का ड्रोन गिराए जाने के जवाब में यह प्रतिबंध लगाया है।

अमरीकी राष्ट्रपति ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम के ख़िलाफ़ अपने निराधार दावों को दोहराते हुए कहा कि हम इस बात की अनुमति नहीं दे सकते कि ईरान परमाणु हथियार बनाए। ट्रम्प ने इसके साथ ही यह भी कहा कि हम ईरान से युद्ध नहीं चाहते बल्कि ईरानियों से एक व्यापक समझौता करने के इच्छुक हैं।

ट्रम्प ने प्रतिबंधों के आदेश पर हस्ताक्षर करते हुए कहा कि यह ईरान पर लगने वाले कठोरतम प्रतिबंध हैं। उन्होंने अमरीका के पूर्व अधिकारियों की आलोचना करते हुए कहा कि ईरान से किया जाने वाला परमाणु समझौता जेसीपीओए नहीं होना चाहिए था। ट्रम्प ने कहा कि यह प्रतिबंध अनेक कारणों से लगाए गए हैं जिनमें एक कारण ईरान द्वारा अमरीका का ड्रोन विमान गिराया जाना भी है।

कहा जाता है कि ट्रम्प ने नए प्रतिबंधों में ईरान के विदेश मंत्री मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ को भी निशाना बनाया है जिस पर अमरीका के भीतर भी तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।