इस्लामी कैलेंडर के शव्वाल महीने की 8 तारीख़ को जन्नतुल बक़ी की शहादत की बरसी पूरी दुनिया में मनाई जाती है। इस अवसर पर भारत की राजधानी दिल्ली में विशाल विरोध प्रदर्शन हुआ, जिसके दौरान लोगों ने जन्नतुल बक़ी के पुनर्निर्माण की मांग दोहरायी। शिया-सुन्नी फ़्रंट की ओर से दिल्ली के जंतर मंतर पर इस प्रदर्शन का आयोजन कराया गया जिसमें शिया-सुन्नी धर्मगुरुओं, शायरों, बड़ी संख्या में मुसलमानों सहित दूसरे धर्मों के लोग भी शामिल हुए और जन्नतुल बक़ी की शहादत की निंदा की और इसके पुनर्निर्माण की मांग दोहरायी।
प्रदर्शन में भाषणकर्ताओं ने दुनिया में फैलते आतंकवाद के लिए यहूद और आले सऊद सहित अमरीका को ज़िम्मेदार बताया। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने भारत सरकार से जन्नतुल बक़ी के पुनर्निर्माण के लिए अपने प्रभाव के इस्तेमाल की मांग की। इस अवसर पर सऊदी अरब के दूतावास को एक ज्ञापन भी सौंपा गया जिसमें जन्नतुल बक़ी के जल्द से जल्द फिर से निर्माण की मांग की गयी है।