5 जून 2019 - 15:16
ईरान के रणनैतिक संयम ने परमाणु समझौते से निकलने की अमरीका की निंदनीय साज़िशों को विफल बना दियाः रूहानी

राष्ट्रपति रूहानी ने कहा है कि ईरान का रणनैतिक संयम, परमाणु समझौते से निकलने की अमरीका की निंदनीय साज़िशों की विफलता का कारण बना है।

डाॅक्टर हसन रूहानी ने बुधवार को ईदे फ़ित्र के उपलक्ष्य में इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता से देश के उच्चाधिकारियों और इस्लामी देशों के राजदूतों की मुलाक़ात के अवसर पर अपने भाषण में ईरानी राष्ट्र और सभी इस्लामी समाजों को ईद की मुबारकबाद दी और कहा कि अमरीकी, परमाणु समझौते से निकल कर ईरान को भी इस समझौते से निकलने पर मजबूर करना चाहते थे ताकि उस पर अंतर्राष्ट्रीय प्रतिबंध लगवा सकें। उन्होंने कहा कि तेहरान का रणनैतिक संयम, संसार के राजनैतिक व सामाजिक जनमत में इस्लामी गणतंत्र ईरान की विजय का कारण बना और आज इस रणनैतिक संयम के एक साल बाद अगर ईरान जेसीपीओए के के संदर्भ में अपनी कटिबद्धताओं को कम करता है तो कोई भी उसे बुरा नहीं कह सकता।

 

ईरान के राष्ट्रपति ने इस बात पर बल देते हुए कि दुश्मन आज तेहरान के संबंध में अपने स्वर को बदलने पर विवश हो गया है, कहा कि अगर वे अपने दायित्वों का पालन करें और ईरान को होने वाले नुक़सानों की क्षतिपूर्ति करें तो शायद उन्हें समस्याओं के समाधान के लिए दूसरी परिस्थितियां दिखाई दे जाएंगी वरना केवल स्वर या शब्द बदलने से कुछ नहीं होगा। डाॅक्टर हसन रूहानी ने ईरानी राष्ट्र के ख़िलाफ़ दुश्मनों की साज़िशों के मुक़ाबले में प्रतिरोध व साहसी विनम्रता की ज़रूरत पर बल देते हुए कहा कि निश्चित रूप से दुश्मन कभी भी ईरानी राष्ट्र को झुकने पर विवश नहीं कर सकता और इस्लामी गणतंत्र व्यवस्था अपने संयम से इस मैदान में विजयी होगी।