उन्होंने एशियाई और अरब देशों के अपने दौरे में आपसी बातचीत व पारस्परिक सम्मान पर बल दिया जो ईरान की विदेश नीति के दो मुख्य उसूल हैं। तेहरान का आपसी बातचीत और पारस्परिक सम्मान पर बल देना यह दर्शाता है कि इस्लामी गणतंत्र ईरान की नज़र में क्षेत्रीय शांति, स्थिरता व सुरक्षा कितनी अहमियत रखती है।
पश्चिम एशिया में एक प्रभावी व शक्तिशाली देश के रूप में इस्लामी गणतंत्र ईरान ने हमेशा इस क्षेत्र की सुरक्षा व स्थिरता की दिशा में क़दम बढ़ाया है। क्षेत्रीय बातचीत और क्षेत्र की सुरक्षा क्षेत्रीय देशों के हाथों क़ायम होना, ईरान की विदेश नीति के मुख्य सिद्धांत हैं।
जैसा कि ईरानी विदेश मंत्री ने बग़दाद में अपने इराक़ी समकक्ष के साथ प्रेस कान्फ़्रेंस में यह प्रस्ताव दिया कि ईरान फ़ार्स खाड़ी के देशों के साथ अनाक्रमण संधि पर दस्तख़त के लिए तय्यार है। ईरान का यह प्रस्ताव उसकी सद्भावना और शांतिपूर्ण तरीक़े से मिल जुल कर रहने के सिद्धांत के प्रति उसके मन में सम्मान को दर्शाता है।
इस बीच अमरीका ईरानोफ़ोबिया के तहत ईरान को क्षेत्र में विध्वसंक रोल निभाने वाला दर्शाकर कुछ अरब शासनों को ज़्यादा से ज़्यादा हथियार बेचना चाहता है।
अमरीका की ट्रम्प सरकार पश्चिम एशिया की सुरक्षा का व्यापारीकरण करना चाहती है ताकि उसके आड़ में सऊदी अरब और यूएई के पैसे अमरीका भेज सके। ट्रम्प सरकार इस लक्ष्य के लिए एक ओर दबाव बढ़ाकर तो दूसरी ओर ईरान को ख़तरा दर्शाकर अरब देशों के निर्भर शासनों को अमरीका के सैन्य उपकरण ज़्यादा से ज़्यादा ख़रीदने के लिए तय्यार करने की कोशिश में है।
अमरीका की यह नीति पश्चिम एशिया और फ़ार्स की खाड़ी की शांति व स्थिरता के लिए ख़तरा है। जैसा कि पश्चिम एशिया में अमरीका की हालिया गतिविधियों की प्रतिक्रिया में अमरीका की पूर्व उपविदेश मंत्री वेन्डी शर्मन ने कहा है कि क्षेत्र में अमरीका की टैक्टिक का कोई आधार नहीं है।
ऐसे हालात में ईरानी विदेश मंत्री का चीन, जापान, भारत, पाकिस्तान और अब इराक़ का हालिया दौरा ईरान की क्षेत्र में स्थिरता लाने वाली नीति की व्याख्या के उद्देश्य से बहुत अहमियत रखता है।