19 मई 2019 - 13:04
हम जंग के प्रयास में नहीं हैं लेकिन पूरी तरह से तैयार हैंः आईआरजीसी

आईआरजीसी के कमांडर ने कहा है कि आज इस सेना ने दुश्मन को रोक दिया है और हम युद्ध के प्रयास में नहीं हैं लेकिन पूरी तरह से तैयार हैं।

ब्रिगेडियर जनरल हुसैन सलामी ने रविवार को एक कार्यक्रम में कहा कि इस्लामी क्रांति आज अपने एक अत्यंत सुंदर चरण में दाख़िल हो चुकी है और दुश्मन को भारी पराजयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि दुश्मन, राष्ट्रों को लूटने, उन्हें कमज़ोर बनाने, नवीन दास प्रथा का वातावरण उत्पन्न करने और इंसानों के भविष्य पर नियंत्रण जमाने जैसी अपनी सोच में पूरी तरह पराजित हो चुका है। आईआरजीसी के कमांडर ने कहा कि इस प्रकार की सोच युद्धों व अन्य देशों में हस्तक्षेप का कारण बनती है और इससे कभी भी शक्ति प्राप्त नहीं होती।

 

जनरल हुसैन सलामी ने कहा कि अमरीकी इस समय रक्षात्मक मुद्रा में आ गए हैं और खोखली धमकियों का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि विदित रूप से हमें एक सशक्त दुश्मन का सामना है लेकिन सच्चाई यह है कि इस दुश्मन की हड्डियां  टूट रही हैं और यह वही मार्ग है जिस पर सभी शैतानी शक्तियों को अंततः चलना ही पड़ता है। आईआरजीसी के कमांडर ने कहा कि आज अमरीका धीरे धीरे टूटता जा रहा है और भविष्य में हम इस विदित सुपर पावर के स्तंभों के बिखरने को अपनी आंखों से देखेंगे। उन्होंने कहा कि इसका कारण यह है कि अमरीका के सत्ता केंद्र में मौजूद लोग थके हुए और निराश हैं।

 

ब्रिगेडियर जनरल हुसैन सलामी ने कहा कि हम युद्ध नहीं चाहते लेकिन उससे घबराते भी नहीं हैं और पूरी तरह से तैयार हैं। उन्होंने कहा कि हमारे दुश्मन भी युद्ध का इरादा नहीं रखते लेकिन उनमें और हममें अंतर यह है कि वे युद्ध से डरते हैं और उनकी अंतिम सीमा वहां होती है जहां उनकी जान ख़तरे में पड़ जाए और इस प्रकार के दुश्मन को पराजित करना आसान है।