12 मई 2019 - 13:51
ईरान से टेलीफ़ोनी संपर्क की ट्रम्प की पेशकश पर ज़रीफ़ का जवाब

विदेश मंत्री ने अपने एक ट्वीट में अमरीकी राष्ट्रपति को संबोधित करते हुए कहा है कि जाॅन बोलटन और "बी टीम" के उनके सहयोगी काफ़ी पहले से ईरान के ख़िलाफ़ अपनी चाल लागू करने की कोशिश कर रहे थे।

मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने रविवार को अपने ट्वीट में परमाणु समझौते से निकलने की अमरीकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जाॅन बोलटन की योजना को संलग्न करके, जो उन्होंने अपना वर्तमान पद ग्रहण करने से पहले पेश की थी, अमरीकी राष्ट्रपति को संबोधित करते हुए लिखा है कि मिस्टर ट्रम्प! इससे पहले कि आप जाॅन बोलटन को काम पर रखते, उन्होंने यह योजना पेश की थी। उन्होंने कहा है कि बोलटन ने जाली सूचनाओं, स्थायी युद्ध यहां तक कि वार्ता के लिए खोखले प्रस्तावों की एक व्यापक योजना पेश की थी बस अंतर यह है कि उसमें टेलीफ़ोन नंबर नहीं रखा गया था।

 

ज्ञात रहे कि अमरीका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जाॅन बोलटन ने इस पद पर आने से पहले की अनेक भाषणों व आलेखों में कई बार ईरान पर सैन्य हमले और इस्लामी गणतंत्र व्यवस्था को बदलने की बात कही थी और परमाणु वार्ता और परमाणु समझौते का विरोध किया था। वाइट हाउस में बोलटन के आने के बाद अमरीका परमाणु समझौते से निकल गया और ट्रम्प ने ईरान के ख़िलाफ़ कई प्रतिबंधों को बहाल किया है और कई प्रतिबंधों को कड़ा किया है।