7 मई 2019 - 14:40
वेनेज़ुएला पर सैन्य हमले के औचित्य के लिए क्या सीआईए ग्वाइडो की हत्या कर देगी?

संयुक्त राष्ट्र संघ के एक पूर्व अधिकारी ने बताया है कि अमरीका, वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति की हत्या की कोशिश में है और इस बात की संभावना है कि सीआईए इस देश पर सैन्य हमले के औचित्य के लिए स्वयंभू राष्ट्रपति ख़्वान ग्वाइडो की हत्या कर दे।

संयुक्त राष्ट्र संघ के पूर्व अधिकारी और अमरीका के मशहूर क़ानूनी विशेषज्ञ अलफ़्रेड मोरिस देज़ायास ने बताया कि अमरीका वेनेज़ुएला के क़ानूनी राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की हत्या करना चाहता है लेकिन इस देश में विद्रोह की उसकी कोशिशें सफल नहीं हो पा रही हैं। वर्ष 2012 से 2018 तक राष्ट्र संघ की मानवाधिकार परिषद में स्वतंत्र विशेषज्ञ के रूप में काम करने वाले देज़ायास ने एक इंटरव्यू में कहा कि अमरीका, वेनेज़ुएला में जो विद्रोह करवाना चाह रहा है, वह सही ढंग से आगे नहीं बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि उन्हें विश्वस्त सूत्रों से सूचना मिली है कि अमरीका ने हालिया महीनों में मादुरो की सरकार से अलग होने के बदले में हर सैनिक व सैन्य अधिकारी को अत्यधिक पैसे व अन्य सुविधाएं देने की पेशकश की है।

 

संयुक्त राष्ट्र संघ के इस पूर्व अधिकारी ने कहा कि मुझे इस बात में कोई संदेह नहीं है कि अमरीकियों ने मादुरो की हत्या समेत वेनेज़ुएला में विद्रोह के लिए हर कोशिश की है और वह अपनी यह कोशिश आगे भी जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि अगर यह मान भी लिया जाए कि मादुरो की हत्या कर दी जाती है तब भी ख़्वान ग्वाइडो नहीं बल्कि वर्तमान उप राष्ट्रपति डेलसी रोडरिग्ज़, अंतरिम राष्ट्रपति बनेंगे क्योंकि वेनेज़ुएला के संविधान के आधार पर ग्वाइडो की कोई क़ानूनी वैधता नहीं है। देज़ायास ने कहा कि एक अन्य संभावना भी मौजूद है और वह यह है कि अमरीका की केंद्रीय गुप्तचर एजेंसी सीआईए ग्वाइडो की हत्या कर दे और उनकी हत्या को बहाना बना कर मादुरो की सरकार के ख़िलाफ़ सैन्य हमला कर दे।