6 मई 2019 - 14:00
रूस की अमरीका को वेनेज़ोएला में हस्तक्षेप से दूर रहने की अपील

रूसी विदेश मंत्री सिर्गेई लावरोफ़ ने वेनेज़ोएला में निकोलस मादुरो की वैध सरकार को गिराने के लिए वॉशिंग्टन की अभूतपूर्व सैन्य गतिविधियों व ग़ैर ज़िम्मेदाराना योजना की निंदा की है।

लावरोफ़ ने मॉस्को में वेनेज़ोएला के विदेश मंत्री जॉर्ज अरीज़ा के साथ रविवार को बैठक के आरंभ में कहाः "हम वेनेज़ोएला में वैध सरकार को गिराने के लिए अमरीका की अगुवाई में अभूतपूर्व अभियान देख रहे हैं। हम इसकी, संयुक्त राष्ट्र संघ के घोषणापत्र द्वारा सुनिश्चित किए गए अंतर्राष्ट्रीय क़ानून के खुले उल्लंघन के रूप में निदां करते हैं।"

उन्होंने कहाः "हम अमरीकियों और उनके समर्थकों का आह्वान करते हैं कि वह ग़ैर ज़िम्मेदाराना योजना को रोकें और अंतर्राष्ट्रीय क़ानून के मुताबिक़ क़दम उठाएं जैसा कि राष्ट्रपति पूतिन ने दो दिन पहले ही राष्ट्रपति ट्रम्प से टेलीफोन पर बातचीत में कहा है।"

रूसी विदेश मंत्री का सोमवार को फ़िनलैंड में अपने अमरीकी समकक्ष माइक पोम्पियो से आमने-सामने बातचीत का कार्यक्रम था।

उधर वेनेज़ोएला के राष्ट्रपति निकलोस मादुरो ने इस हफ़्ते के शुरु में इस देश में हुए विफल विद्रोह के बाद सेना से अमरीका के संभावित हमले से निपटने के लिए तय्यार रहने के लिए कहा है।