निकोलस मादुरो ने शनिवार को सैनिकों के बीच कहाः "हाथ में बंदूक़ लिए तय्यार रहिये ताकि अगर किसी दिन अमरीकी साम्राज्य वेनेज़ोएला पर हमले का दुस्साहस करे तो उसका मुक़ाबला कीजिए।"
अमरीकी मीडिया में शनिवार को आयी रिपोर्ट के अनुसार, ट्रम्प की राष्ट्रीय सुरक्षा टीम के वरिष्ठ सदस्यों की बैठक में वेनेज़ोएला के ख़िलाफ़ सैन्य हमले की समीक्षा हुयी।
इस बैठक में अमरीका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन बोल्टन, अमरीकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो और कार्यवाहक अमरीकी रक्षा मंत्री पैट्रिक शैनहन मौजूद थे।
बोल्टन सहित अमरीकी अधिकारी हालिया दिनों में वेनेज़ोएला की सरकार को सैन्य हमले की धमकी देते रहे हैं।
अमरीका और उसके घटक हालिया हफ़्तों में वेनेज़ोएला की सरकार के विरोधियों का समर्थन कर इस देश में सैन्य विद्रोह कराना चाहते हैं।
वेनेज़ोएला में विपक्ष के नेता ख़्वान ग्वाइडो ने 23 जनवरी को अमरीका और उसके घटकों के खुले समर्थन से ख़ुद को वेनेज़ोएला का राष्ट्रपति कहा। यह वह क़दम है जिसे वेनेज़ोएला की सरकार व राष्ट्र मौजूदा राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के ख़िलाफ़ विद्रोह समझते हैं।
ईरान, रूस और चीन सहित बहुत से देशों ने अमरीका के व्यवहार की निंदा की और वेनेज़ोएला की क्षेत्रीय अखंडता व संप्रभुता की रक्षा पर बल दिया है।
अमरीका और उसके घटक वेनेज़ोएला की क़ानूनी सरकार को गिराने के लिए इस देश पर पाबंदी और इस देश के विरोधियों का समर्थन कर रहे हैं। वेनेज़ोएला की क़ानूनी सरकार अमरीका की वर्चस्ववादी नीतियों के ख़िलाफ़ है।