इस कार्यवाही के तहत दोनों देशों के 230 किलोमीटर सीमावर्ती क्षेत्र से दाइश के आतंकियों का सफ़ाया हो गया है।
इराक़ी स्वयंसेवी बल हश्दुश शअबी की अंबार कमान के प्रमुख क़ासिम मुस्लेह ने कहाः "हमारी सेना ने सीरियाई सेना से उस जगह पर मुलाक़ात की जगह पहले से मुलाक़ात तय थी।"
हश्दुश शअबी के अधिकारी ने बताया कि इराक़ी सीमा की तरफ़ अभियान का दायरा अलक़ाएम सीमावर्ती क्रॉसिंग से अत्तनफ़ सीमावर्ती क्रॉसिंग के उत्तर में स्थित अक़शात सीमावर्ती क़स्बे तक फैला हुआ था। सीरिया में अत्तनफ़ पर अमरीकी सेना ने क़ब्ज़ा कर रखा है।
सीरिया की सीमा के भीतर सैनिकों ने पलमीरा शहर के दक्षिण-पश्चिम में स्थित बूकमाल सीमावर्ती क़स्बे से लेकर अत्तनफ़ सीमावर्ती क्रॉसिंग के निकट इलाक़े से दाइश के बचे खुचे तत्वों का सफ़ाया किया।
यह कार्यवाही इराक़-सीरिया की फ़ोर्सेज़ ने आपसी समन्वय से एक साथ शुरु किया ताकि आतंकियों को पड़ोस के सीमावर्ती क्षेत्र फ़रार न होने दें।
यह अभियान ऐसी स्थिति में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है कि इराक़-सीरिया अलक़ाएम सीमावर्ती क्रॉसिंग को खोलने पर पहले ही सहमत को चुके हैं।
दोनों देशों ने अलक़ाएम और बूकमाल सीमावर्ती क्षेत्र को दाइश के क़ब्ज़े से नवंबर 2017 में छुड़ा लिया था, लेकिन, आतंकियों की निरंतर मौजूदगी की वजह से यह क्रॉसिंग नहीं खुल पा रही थी।
इराक़ और सीरिया रणनैतिक दृष्टि से अहम अलक़ाएम क्रॉसिंग पर सुरक्षा बनाए रखने के लिए भविष्य में सुरक्षा की दृष्टि से उपाय बढ़ाने पर सहमत हुए हैं। इराक़ ने क्षेत्र में सुरक्षा मज़बूत करने के लिए थर्मल कैमरा लगाने और विमान के इस्तेमाल की योजना बनायी है।
यह उपाय ऐसी स्थिति में अपनाने की योजना है कि इराक़, ईरान और सीरिया सड़क सहित तीनों देशों को जोड़ने वाली पारगमन रेलवे लाइन विकसित कर आपस में आर्थिक संबंध को बढ़ाना चाहते हैं।