3 मई 2019 - 14:35
अमरीकी प्रतिनिधि सभा में पेरिस जलवायु संधि के हित में विधेयक पास हुआ

अमरीकी हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेन्टेटिव ने उस विधेयक को पास कर दिया है जो राष्ट्रपति ट्रम्प को इस देश को पेरिस जलवायु परिवर्तन संधि से निकालने से रोक सकता है।

हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेन्टेटिव या प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेट बहुमत में हैं जहां गुरुवार को यह विधेयक 190 के मुक़ाबले 231 वोट से पास हुआ, लेकिन, इसका सेनेट में पास होना मुश्किल है जिसमें रिपब्लिकन्ज़ बहुमत में हैं।

प्रतिनिधि सभा की सभापति नेन्सी पेलोसी ने जलवायु परिवर्तन को नैतिक, आर्थिक और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बहुत ज़रूरी बताते हुए कहा कि यह विधेयक सही दिशा में उठने वाला क़दम है।

उन्होंने प्रतिनिधि सभा में कहाः "यह (विधेयक) दुनिया को संदेश देगा कि अमरीका जलवायु परिवर्तन के बारे में विज्ञान की बातों का इंकार नहीं कर रहा है।"

इसके साथ ही पेलोसी ने इस बात को स्वीकार किया कि सिनेट में इस विधेयक का पारित होना मुश्किल है।

ग़ौरतलब है कि अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने जून 2017 में 2015 के पेरिस जलवायु परिवर्तन संधि से अमरीका के निकलने का एलान करते हुए कहा था कि यह फ़ैसला अमरीका की संप्रभुता पर ताकीद है।