26 अप्रैल 2019 - 14:27
ट्रम्प ने अमरीका-ईरान दुश्मनी को चरम पर पहुंचा दिया है

तेहरान की नमाज़े जुमा के इमाम ने जुमे की नमाज़ के ख़ुतबों में कहा है कि पिछले 40 वर्षों के दौरान, ईरानी जनता के प्रति अमरीका की दुश्मनी और अपराध जग ज़ाहिर हैं, लेकिन वर्तमान राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने इस दुश्मनी को चरम पर पहुंचा दिया है।

तेहरान के इमामे जुमा आयतुल्लाह मोहम्मद इमामी काशानी का कहना था कि ईरान की इस्लामी क्रांति की फ़ोर्स आईआरजीसी को आतंकवादी गुटों की सूची में शामिल करना एक निंदनीय क़दम है।

इसी प्रकार आयतुल्लाह काशानी ने ईरानी तेल पर अमरीका के प्रतिबंधों को अंतरराष्ट्रीय क़ानूनों का उल्लंघन बताया और कहा, वाशिंगटन ने किसी भी देश को ईरान से तेल आयात करने की छूट नहीं दी है, हम इसका फ़ैसला अब विश्व भर के लोगों पर छोड़ते हैं।

तेहरान के इमामे जुमा का कहना था कि ईरानी जनता के ख़िलाफ़ अमरीकी साज़िशों पर पूर्व की तरह इस बार भी पानी फिर जाएगा।

आयतुल्लाह काशानी ने सऊदी शासन द्वारा 37 क़ैदियों के सिर क़लम किए जाने की निंदा करते हुए कहा, यह अपराध आले सऊद शासन और उसके समर्थक अमरीका और ज़ायोनी शासन के माथे पर कलंक है।