18 अप्रैल 2019 - 14:35
ट्रम्प-किम वार्ता विफल होने के बाद, उत्तर कोरिया ने किया रहस्यमय गाइडेड हथियार का परीक्षण

किम जोंग-उन की निगरानी में उत्तर कोरिया ने एक नए सामरिक निर्देशित हथियार का परीक्षण किया है।

यह परीक्षण वियतनाम में उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन और अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प की मुलाक़ात विफल रहने के बाद किया गया है, जिसमें दोनों देशों के नेता बिना किसी शर्त के परमाणु निरस्त्रीकरण और प्रतिबंधों को हटाने जैसे मुद्दों पर सहमति नहीं बना सके थे।

उत्तर कोरिया के नेता ने बुधवार को किए गए इस परीक्षण की निगरानी ख़ुद की है। हालांकि इसके बारे में विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं करवाई गई है।

इसके बारे में कहा गया है कि यह एक निर्देशित उड़ान है, जो शक्तिशाली वारहेड ले जा सकती है।

वहीं किम ने कहा है कि "युद्ध शक्ति को बढ़ाने में इस हथियार प्रणाली का विकास बहुत ही महत्वपूर्ण घटना है।"

व्हाइट हाउस का कहना है कि वह इस हथियार के परीक्षण की रिपोर्ट से अवगत है, हालांकि उसने इस पर किसी तरह की कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।

राष्ट्रपति ट्रम्प और उत्तर कोरियाई नेता किम ने फ़रवरी में वियतनाम की राजधानी हनोई में दूसरी बार मुलाक़ात की थी, लेकिन दोनों नेता कोरियाई प्रायद्वीप संकट के समाधान में असफल रहे थे।

वाशिंगटन का आग्रह है कि उत्तर कोरिया को अपने मिसाइल और परमाणु हथियारों को नष्ट कर देना चाहिए या अमरीका के हवाले कर देना चाहिए, वहीं किम का कहना है कि पहले अमरीका को उनके देश के ख़िलाफ़ लगाए गए प्रतिबंधों को हटाना चाहिए।

दोनों देशों के बीच शिखर सम्मलेन के असफल रहने के बाद, किम जोंग-उन ने उत्तर कोरिया की रक्षा शक्ति को अधिक शक्तिशाली बनाने का एलान किया था।