समाचार एजेंसी तसनीम की रिपोर्ट के मुताबिक़, इराक़ी सेना के कमांडर ने एक बयान जारी करके बताया है कि पवित्र नगर सामर्रा में कुछ दाइश के आतंकियों के घुसपैठ की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके बाद पूरे शहर को हाई अलर्ट पर कर दिया गया था। इस बीच इराक़ी सुरक्षा बलों और स्वयंसेवी बलों को जैसे ही ख़ुफ़िया तरीक़े से आतंकियों के सामर्रा शहर में घुसपैठ करने की कोशिश का पता चला वैसे ही सेना ने स्वयंसेवी बल हश्दुश्शाबी के साथ एक संयुक्त कार्यवाही करते हुए आतंकवादियों के नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया। इस सैन्य कार्यवाही में 6 दाइश के आतंकियों के मारे जाने की सूचना है, जबकि कई अन्य के घायल और गिरफ़्तार किए जाने की भी ख़बर है।
इराक़ी सूत्रों का कहना है कि सेना ने सर्च आपरेशन करके 6 ख़ूंख़ार आतंकियों को मार गिराया है और कई अन्य को गिरफ़्तार किया है जिनके क़ब्ज़े से बड़ी मात्रा में गोला बारूद बरामद हुआ है। गिरफ़्तार किए गए आतंकियों ने पूछताछ में बताया कि वे पवित्र नगर सामर्रा में इमाम अली नक़ी और इमाम हसन अस्करी (अ) के रौज़े पर आने वाले श्रद्धालुओं और पवित्र स्थलों को धमाका करके निशाना बनाना चाहते थे। इस बीच इराकी सुरक्षा बलों ने सामर्रा में स्थित पवित्र स्थलों पर दाइश के संभावित आतंकी हमले के बारे में चेतावनी देते हुए अपील की है कि जनता, संदिग्ध व्यक्तियों पर नज़र रखे और पवित्र नगर सामर्रा को तकफ़ीरी आतंकवादियों के अस्तित्व से पूरी तरह मुक्त करने के अभियान में सेना और स्वयंसेवी बलों के साथ सहयोग करे।
उल्लेखनीय है कि दाइश के आतंकी इराक़ी सेना और स्वयंसेवी बलों के हाथों बुरी तरह मिली हार से बौखलाए हुए हैं और अब यह आतंकी गुट इराक़ के आम नागरिकों को अपने आतंकी हमलों का निशाना बनाने का प्रयास करता रहता है।