ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा एवं विदेश नीति समिति के प्रमुख हशमतुल्लाह फ़लाहतपिशे ने शनिवार को ट्वीट करके चेतावनी दी कि अगर अमरीका ने आईआरजीसी को आतंकवादी गुटों की सूची में डाला तो उसकी सेना को भी ईरान ब्लैक लिस्ट कर देगा।
तेहरान ने यह चेतावनी ट्रम्प प्रशासन के तीन वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा इस धमकी के बाद जारी की है, जिसमें कहा गया है कि वाशिंगटन आईआरजीसी को काली सूची में डालने वाला है।
अगर अमरीका ऐसा करता है तो यह पहली बार होगा कि वाशिगंटन किसी देश की सेना को आतकंवादी गुट घोषित करेगा।
दुनिया भर के सैन्य विशेषज्ञों ने अमरीका के इस क़दम की आलोचना करते हुए कहा है कि भविष्य में वाशिंगटन अपने अन्य विरोधियों के ख़िलाफ़ भी यह क़दम उठा सकता है।
हालांकि पिछले कई वर्षों से इस तरह की अफ़वाहें थीं कि अमरीका, आईआरजीसी को काली सूची में डालना चाहता है।
अमरीकी अधिकारियों ने रॉयटर्ज़ से बात करते हुए कहा कि संभवतः अमरीकी विदेश मंत्रालय सोमवार को इसकी घोषणा कर सकता है।
अमरीका पहले ही आईआरजीसी की दर्जनों कंपनियों और अधिकारियों को ब्लैक लिस्ट कर चुका है।