6 अप्रैल 2019 - 12:43
दक्षिण अफ़्रीक़ा का इस्राईल के साथ संबंध कम करने का फ़ैसला, दक्षिण अफ़्रीक़ा नया राजदूत तेल अविव नहीं भेज रहा है

दक्षिण अफ़्रीक़ा ने इस्राईल में अपने कूटनैतिक मिशन को संपर्क कार्यालय में बदल कर ज़ायोनी शासन के साथ अपने संबंध के स्तर को कम कर दिया है। दक्षिण अफ़्रीक़ा नया राजदूत तेल अविव नहीं भेज रहा है।

दक्षिण अफ़्रीक़ा की विदेश मंत्री लिन्डिवे सिसूलू ने हाल में जोहानेस्बर्ग में साउथ अफ़्रीकन इंस्टीट्यूट ऑफ़ इंटरनैश्नल अफ़ेयर्ज़ में भाषण देते हुए एलान किया कि इस्राईली शासन के साथ संबंध का स्तर कम करने का पहला चरण पूरा हो चुका है।

उन्होंने इस बात का एलान करते हुए कि दक्षिण अफ़्रीक़ा ने तेल अविव में अपने दूतावास का रुतबा कम करके संपर्क कार्यालय बना दिया है, कहा कि कोई नया राजदूत इस्राईल नहीं जाएगा। दक्षिण अफ़्रीक़ा ने ग़ज़्ज़ा में अतिग्रहण के ख़िलाफ़ जारी प्रदर्शनों के इस्राईल द्वारा घातक दमन का विरोध करते हुए पिछले साल मई में अपना राजदूत वापस बुला लिया था।

सिसूलू ने अपने भाषण में जो शुक्रवार को उनके कार्यालय की वेबसाइट पर प्रकाशित हुआ, कहाः "हमारा राजदूत दक्षिण अफ़्रीक़ा वापस आ गया है और उनके स्थान पर किसी को नहीं भेजा जाएगा।"

सिसूलू ने कहाः "तेल अविव में हमारे संपर्क कार्यालय को राजनैतिक, व्यापारिक और सहयोग बढ़ाने का कोई निर्देश नहीं है। उस पर किसी भी तरह की व्यापारिक व वाणिज्यिक गतिविधियों की ज़िम्मेदारी नहीं है। संपर्क कार्यालय सिर्फ़ लोगों के बीच संबंध को सुचारू बनाने और कांसुलर गतिविधियों पर केन्द्रित रहेगा।

ग़ौरतलब है कि दिसंबर 2017 में दक्षिण अफ़्रीक़ा की सत्ताधारी अफ़्रीकन नैश्नल कॉन्ग्रेस पार्टी ने, पीड़ित फ़िलिस्तीनी जनता के समर्थन में व्यवहारिक क़दम उठाते हुए तेल अविव में अपने मिशन के रुतबे को कम करने का फ़ैसला किया। अफ़्रीकन नैश्नल कॉन्ग्रेस ने इस्राईल को मानवाधिकार और अंतर्राष्ट्रीय क़ानून के उल्लंघन के अंजाम की चेतावनी दी है।