3 अप्रैल 2019 - 12:30
बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए पूरी शक्ति व गंभीरता से राहत कार्य जारी रहे, वरिष्ठ नेता

इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता ने बल दिया है कि कई प्रान्तों में आने वाली हालिया बाढ़ के पीड़ितों के लिए राहत कार्य और जनता द्वारा मदद के लिए उत्साह काफी अच्छा था किंतु ज़रूरी क़दम पूरी गंभीरता के साथ उठाए जाने चाहिए ताकि पीड़ितों के लिए राहत कार्य अच्छी तरह से जारी रहे।

वरिष्ठ नेता आयतुल्लाहिल उज़मा सैयद अली ख़ामेनई ने मंगलवार को उप राष्ट्रपति , मंत्रिमंडल के कई सदस्यों, सेनाध्यक्ष, नौसेना, थल सेना और पुलिस प्रमुखों, स्वंय सेवी बल के कमांडरों और आपदा विभाग के अधिकारिों से भेंट में राहत कार्य की ताज़ा स्थिति की जानकारी ली और कहा कि राहत कार्य और फैसले पूरी गंभीरता के साथ जारी रहें। 

वरिष्ठ नेता ने कहा कि बाढ़ से होने वाले नुक़सान के साथ ही बाढ़ पीड़ित, मानसिक रूप से भी प्रभावित होते हैं इस लिए इस प्रकार से राहत कार्य होना चाहिए कि बाढ़ पीड़ितों को कम से कम मानसिक नुक़सान पहुंचे। 

वरिष्ठ नेता ने कहा कि हालिया बाढ़ में जनता ने निश्चित रूप से बहुत अधिक सहयोग किया और देश की जनता में सेवा भाव, असाधारण है जिससे लाभ उठाया जाना चाहिए और इसके साथ ही बाढ़ के दौरान, जनता और अधिकारियों में सहयोग का बहुत अच्छा रूप देखा गया।