30 मार्च 2019 - 18:06
विश्व का एक और ऐसा देश जहां रूस ने अमरीका के तख़्तापलट के प्रयास को नाकाम बना दिया

रूस का कहना है कि वेनेज़ुएला में एक नया हेलिकॉप्टर ट्रेनिंग सैंटर बनकर तैयार हो गया है।

मास्को ने यह एलान ऐसे वक़्त में किया है कि जब अमरीका ने वेनेज़ुएला में रूस की सैन्य उपस्थिति में वृद्धि पर दोनों ही देशों को धमकी दी है।

हथियारों का निर्यात करने वाली रूस की कंपनी द्वारा निर्मित इस ट्रेनिंग सैंटर का शुक्रवार को उद्घाटन भी कर दिया गया।

यह सैंटर वेनेज़ुएला के पायलटों को रूस निर्मित एमआई-17 और एमआई-26 ट्रांसपोर्ट हेलिकॉप्टरों और एमआई-35 युद्धक हेलिकॉप्टरों को उड़ानें की ट्रेनिंग देने के लिए तैयार किया गया है।

रूसी कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि दोनों देशों के बीच सैन्य सहयोग में लगातार वृद्धि हो रही है।

यूं तो मास्को और काराकास के बीच सैन्य सहयोग का इतिहास काफ़ी पुराना है, लेकिन इस बयान से स्पष्ट है कि रूस, वेनेज़ुएला में निकोलस मादुरो की सरकार के समर्थन के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है, जिसे अमरीकी समर्थन प्राप्त विरोधी गिराने का भरपूर प्रयास कर रहे हैं।

रूस ने हाल ही में अपने सैनिक विशेषज्ञों को वेनेज़ुएला में तैनात किया है और ट्रेनिंग सैंटर का ऐसी स्थिति में निर्माण किया है, जब अमरीका खुलेआम विरोधी नेता ख़ुआन गाइडो का समर्थन करके इस देश में सरकार के तख़्तापलट का प्रयास कर रहा है।  

शनिवार को ट्रम्प प्रशासन ने देखा कि सैन्य विशेषज्ञों को लेकर रूसी विमान काराकास में उतरे। मास्को ने इस ख़बर की पुष्टि करते हुए कहा, इन विशेषज्ञों को 2001 के सैन्य तकनीक सहयोग समझौते के तहत भेजा गया है।

उसके बाद, अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने रूस से कहा कि वह वेनेज़ुएला से बाहर निकल जाए। ट्रम्प के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन बोल्टन ने भी धमकी देते हुए कहा, वाशिंगटन पश्चिमी गोलार्ध्द में किसी अन्य शक्ति के हस्तक्षेप को सहन नहीं करेगा।