डाक्टर रूहानी ने दक्षिण पश्चिमी ईरान के ख़ूज़िस्तान प्रांत में आपदा प्रबंधन समन्वय परिषद की बैठक में बोलते हुए कहा कि अमरीका हर दिन अंतर्राष्ट्रीय क़ानूनों का हनन करता है और कुछ नस्ल परस्त, क़ानून तोड़ने वाले और युद्धोन्मादी लोग वाइट हाउस में विराजमान हैं।
डाक्टर हसन रूहानी ने हालिया दिनों इराक़ के प्रधानमंत्री आदिल अब्दुल महदी से अपनी टेलीफ़ोनी वार्ता का हवाला देते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच वीज़ा का निःशुल्क हो जाना, अरवंद नदी की सफ़ाई तथा ख़ूज़िस्तान प्रांत में बाढ़ जैसे मुद्दों पर विस्तार से बातचीत हुई।
डाक्टर रूहानी ने कहा कि अब तक कोई भी सरकार बाढ़ की घटना होने और उससे होने वाले नुक़सान पर अंकुश लगाने में सफल नहीं हो सकी है, हालिया वर्षों में जापान, अमरीका और यूरोप में भी बाढ़ से भारी नुक़सान पहुंचा है।
ज्ञात रहे कि ईरान के गुलिस्तान, माज़न्दरान, फ़ार्स, लुरिस्तान, ख़ूज़िस्तान सहित कई प्रांतों में भारी वर्षा से आने वाली बाढ़ के कारण 45 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हुए जबकि घरों और खेतों को नुक़सान पहुंचा।
सरकार ने कहा है कि बाढ़ से होने वाले नुक़सान की भरपाई की जाएगी।