इस समझौते से अमरीका स्ट्रेट ऑफ़ होरमुज़ में अपने जहाज़ों को भेजने से बच जाएगा, जिसे ईरान अपने आधुनिक मिसाइलों की मदद से ज़रूरत पड़ने पर कभी भी बंद कर सकता है।
रविवार को ओमान में अमरीकी दूतावास ने घोषणा की है कि इस समझौते के तहत अमरीका, अरब सागर के तट पर स्थित दुक़्म और सलालाह क़स्बों की बंदरगाहों तक पहुंच बना सकेगा और इनका इस्तेमाल कर सकेगा।
अमरीकी दूतावास के बयान में कहा गया है कि बंदरगाह समझौते से दोनों देशों के बीच सुरक्षा के क्षेत्र में संबंध और अधिक मज़बूत होंगे।
इस समझौते से दुक़्म बंदरगाह के विकास की ओमान की योजना पूरी हो जाएगी। यह बंदरगाह इस देश की राजधानी मस्क़त से दक्षिण में 550 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
ओमान काफ़ी लम्बे समय से इस इलाक़े को एक औद्योगिक इलाक़े में बदलने की योजना बना रहा था।