23 मार्च 2019 - 18:19
यमन के रक्षा मंत्री का बड़ा बयान, आने वाले दिनों में दुनिया देखेगी कि अचानक क्या हो गया

यमन के रक्षा मंत्री ने घोषणा की है कि यमनी जनता के प्रतिरोध के पांचवें वर्ष में अचानक ऐसी महत्वपूर्ण उपलब्धियों भरी घटनाएं पेश सामने आएंगी जिससे यमनी राष्ट्र को शानदार सफलता प्राप्त होगी।

प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार यमन के रक्षा मंत्री मोहम्मद नासिर अलआतेफ़ी ने कहा है कि दुश्मन ने यमन की धरती पर क़ब्ज़ा करने के लिए हर तरह के षड्यंत्र किए और हर तरह के हथकंड़े भी अपनाए लेकिन इन पांचों वर्षों में उससे केवल हार का ही मुंह देखना पड़ा है। उन्होंने कहा कि सऊदी अरब और उसके सहयोगी कुछ अरब देश जो तथाकथित सुपर पॉवर कहे जाने वाले अमेरिका की मदद से हमारे ऊपर लगातार बमों की बारिश कर रहे थे और यह सोच रहे थे कि हम कुछ ही दिनों में उनके अत्याचारों के सामने घुटने टेक देंगे, उनकों यमन की बहादुर जनता ने अपने मज़बूत प्रतिरोध के आगे ढेर कर दिया।

यमन के रक्षा मंत्री ने कहा कि यमन की सशस्त्र सेना विभिन्न रक्षात्मक हथियारों और शक्ति से लैस है। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी बात यह है कि यमनी सेना और स्वयंसेवी बल अपने देश की ग़रीब और अत्याचारग्रस्त जनता की रक्षा के लिए लड़ रहे हैं इसलिए उनके इरादे बहुत ही मज़बूत हैं और ऐसे दृढ़ इरादों वाली सेना को दुनिया की कोई शक्ति नहीं हरा सकती। मोहम्मद नासिर अलआतेफ़ी ने कहा कि दुश्मन यह जान ले कि यमन में उनका कोई उद्देश्य पूरा होने वाला नहीं है। इस बीच यमन की सशस्त्र सेना के उप कमांडर मेजर जनरल अली अलमूश्की ने हाल ही में कहा था कि यमनी सेना ने यह प्रतिज्ञा ली है कि यमन पर हमला करने वाले किसी भी देश के सैनिकों को हम अपने देश की धरती से ज़िन्दा नहीं जाने देंगे।

उल्लेखनीय है कि सऊदी अरब और उसके घटकों द्वारा यमन के भीषण परिवेष्टन के बावजूद इस देश की सेना और स्वयं सेवी बलों की रक्षा शक्ति में दिन प्रतिदिन वृद्धि होती जा रही है। ज्ञात रहे कि सऊदी अरब ने 26 मार्च 2015 को अमेरिका, संयुक्त अरब इमारात और कुछ दूसरे देशों के समर्थन से यमन पर हमला किया था जिसमें अब तक हज़ारों यमनी मारे जा चुके हैं। मारे जाने वालों में ध्यान योग्य संख्या बच्चों और महिलाओं की है। यमनी जनता के कड़े प्रतिरोध के कारण सऊदी अरब और उसके घटक यमन में अब तक अपने किसी भी लक्ष्य को साध नहीं सके हैं।