22 मार्च 2019 - 16:04
ब्रिटेन के बर्मिन्घम शहर में 5 मस्जिदों पर हमला, एक मस्जिद के चेयरमैन ने कहा हम हर हाल में नमाज़ अदा करेंगे

ब्रिटेन के बर्मिन्घम शहर में 5 मस्जिदों पर हथौड़े से हमला हुआ। ये हमले बुधवार की रात में हुए।

इंग्लैंड के वेस्ट मिडलैंड्स क्षेत्र की आतंकवाद निरोधक पुलिस ने गुरुवार को इस हिंसक हमले की जांच शुरु की है।

वेस्ट मिडलैंड्स पुलिस सबसे पहले बर्मिन्घम की बर्चफ़ील्ड सड़क पर स्थित अलहबीब मस्जिद पर गुरुवार सुबह तड़के 2:32 पर हथौड़े से हमला होने की रिपोर्ट मिलने पर, घटना स्थल पहुंची।

बर्मिंघम में 4 और मस्जिदों पर हमले हुए जो अल्बर्ट रोड, विटन रोड, ऐस्टन रोड और द ब्रॉडवे में स्थित हैं।

ऐस्टन रोड स्थित फ़ैज़ुल इस्लाम मस्जिद के चेयरमैन यूसुफ़ ज़मन ने कहाः "इस घटना को सुन कर मैं भौचक्का रह गया।"उन्होंने कहाः "लोगों में डर है। वे कह रहे हैं कि अपने बच्चों को आज मस्जिद नहीं भेजेंगे क्योंकि उन्हें उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता है। लेकिन हम नमाज़ नहीं रोकेंगे, बल्कि हमेशा की तरह पढ़ेगे और उन्हें जीतने नहीं देंगे, हम उनका सामना करेंगे।"