22 मार्च 2019 - 15:55
न्यूज़ीलैंड के आतंकी हमले पर ओआईसी की आपात बैठक तुर्की में

विदेश मंत्री जवाद ज़रीफ़ इस्तांबूल पहुंचे जहां वह, न्यूज़ीलैंड में मस्जिदों पर हुए आतंकवादी हमले पर, इस्लामी सहयोग संगठन ओआईसी की आपात बैठक में भाग लेंगे।

यह बैठक शुक्रवार को तुर्की के इस्तांबूल शहर में प्रस्तावित है जिसमें पिछले शुक्रवार को न्यूज़ीलैंड में 2 मस्जिदों पर हुए हमले की भर्त्सना की जाएगी कि जिनमें कम से कम 50 नमाज़ी शहीद और दर्जनों घायल हुए।

गुरुवार को तुर्क विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में आया है कि इस देश के विदेश मंत्री मौलूद चाऊश ओग़लू इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

इस बैठक में संयुक्त राष्ट्र संघ, योरोपीय संघ और योरोपीय सुरक्षा व सहयोग संगठन ओएससीई के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है।

यह आपात बैठक इस हफ़्ते के शुरु में ईरानी और तुर्क विदेश मंत्रियों के बीच टेलीफ़ोन पर हुयी बातचीत के बाद आयोजित हो रही है।