22 मार्च 2019 - 15:48
बिन सलमान के सलाहकार ने इस्राईल की जासूसी कंपनी की मदद लीः न्यूयॉर्क टाइम्ज़

अमरीकी अख़बार द न्यूयॉर्क टाइम्ज़ ने कहा है कि सऊदी युवराज मोहम्मद बिन सलमान के पूर्व सलाहकार ने कई योरोपीय और एशियाई देशों की जासूसी के लिए एक इस्राईली जासूसी कंपनी की मदद ली थी।

इरना के अनुसार, इस अमरीकी अख़बार की ताज़ा जांच के अनुसार, अतिग्रहित फ़िलिस्तीन में साइबर जासूसी की कंपनी एनएसओ ने एक हैकर के ज़रिए मोहम्मद बिन सलमान के पूर्व सलाहकार सऊद अलक़हतानी तक जासूसी की नई शैली पहुंचायी।

न्यूयॉर्क टाइम्ज़ के अनुसार, अलक़हतानी ने इस नई शैली से तुर्की, क़तर, फ़्रांस और ब्रिटेन में अपने जासूसी तंत्र को मज़बूत किया।

न्यूयॉर्क टाइम्ज़ ने इस जांच की पुष्टि करते हुए लिखा है कि इस जांच का स्रोत कुछ जासूसी कंपनियों के पूर्व हैकरों के बयान हैं।

इस रिपोर्ट में आगे आया हैः "संयुक्त अरब इमारात ने भी "डार्क मैटर" नामक एक जासूसी कंपनी क़ायम की है जिसमें सीआईए के पूर्व अधिकारी काम कर रहे और क़तर के टेलीफ़ोनी संपर्क पर नज़र रखे हुए हैं।"

ग़ौरतलब है कि सऊद अलक़हतानी को सऊदी युवराज मोहम्मद बिन सलमान के तुर्की के इस्तांबूल शहर में सऊदी पत्रकार जमाल ख़ाशुक़जी की हत्या का आदेश देने का पर्दाफ़ाश होने पर अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था लेकिन कुछ सूत्रों का कहना है कि अलक़हतानी अभी भी मोहम्मद बिन सलमान के सलाहकार के  रूप में काम कर रहे और सऊदी अरब में नागरिक कार्यकर्ता व मीडिया हल्क़ों के लोगों का दमन करवा रहे हैं।