15 मार्च 2019 - 17:14
ईरान ने भी बोइंग 737 मैक्स के लिए बंद कर दी अपनी वायु सीमा

इस्लामी गणतंत्र ईरान ने भी अपनी वायु सीमा बोइंग 737 मैक्स विमानों के लिए बंद कर दी है। इससे पहले बहुत से देश अपनी वायु सीमाएं इस विमान के लिए बंद कर चुके हैं।

पांच महीने के भीतर बोइंग 737 मैक्स विमान की दो दुर्घटनाएं हो जाने के बाद दुनिया भर में बड़ी संख्या में देशों ने इस विमान का प्रयोग बंद कर दिया है और अपनी वायु सीमाएं भी इस विमान के लिए बंद कर दी हैं।

ईरान के नागरिक उड्डयन विभाग के जनसंपर्क अधिकारी रेज़ा जाफ़रज़ादे ने शुक्रवार को कहा कि ईरान के आसमान से बोइंग मैक्स विमान के गुज़रने पर रोक लगा दी गई है।

अमरीका की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों के कारण ईरान के पास बोइंग 737 मैक्स 8 प्रकार का कोई विमान नहीं है लेकिन ईरान का आसमान अंतर्राष्ट्रीय विमानन कंपनियों द्वारा व्यापक रूप से प्रयोग किया जाता है।

गत रविवार को उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद बोइंग 737 मैक्स 8 विमान दुर्घटना का शिकार हो गया और नतीजे में उस पर सवार सभी 157 लोग मारे गए। मारे गए लोगों का संबंध 30 से अधिक देशों से था।

इससे पहले अकतूबर 2018 में लायन जेट का भी बोइंग 737 मैक्स विमान इंडोनेशिया के जावा द्वीप के पास दुर्घटना का शिकार होकर समुद्र में गिर गया था। इस दुर्घटना में 189 लोगों की जानें चली गई थीं।

गत रविवार की घटना के बाद दुनिय भार में 300 से अधिक बोइंग 737 मैक्स 8  और मैक्स 9 विमान ग्राउंड कर दिए गए हैं।

इस संकट से अमरीका की बोइंग कंपनी को दसियों अरब डालर का नुक़सान पहुंचा है।

दूसरी ओर दुर्घटना ग्रस्त विमान के दोनो ब्लैक बाक्स फ़्रांस में स्थित विशेषज्ञों के कार्यालय को मिल गए हैं। दोनों ब्लैक बाक्स की जांच से दुर्घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जाएगी।