11 मार्च 2019 - 14:11
ट्रम्प का विचित्र दावा! अगर इस्राईल में प्रधानमंत्री का चुनाव लड़ता तो 98 प्रतिशत वोट मिलते!

अमरीका के राष्ट्रपति ने एक विचित्र दावा करते हुए कहा है कि अगर वे इस्राईल में प्रधानमंत्री पद का चुनाव लड़ते तो उन्हें सबसे अधिक वोट मिलते।

डोनल्ड ट्रम्प ने रिपब्लिकन पार्टी की राष्ट्रीय समिति के समर्थकों के एक समूह से मुलाक़ात में कहा कि इस्राईल में प्रधानमंत्री पद का चुनाव लड़ने की स्थिति में उन्हें 98 प्रतिशत मत हासिल होते। एक्सस न्यूज़ वेबसाइट ने तीन जानकार सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट दी है कि अमरीकी राष्ट्रपति ने यह बयान फ़्लोरीडा में पार्टी समर्थकों के बीच दिया है। रिपोर्ट के अनुसार सुरक्षा कर्मियों ने ट्रम्प के भाषण को लीक होने से रोकने के लिए उपस्थित लोगों से कहा था कि वे अपने मोबाइल फ़ोन मैगनेटिक थैलियों में रखें।

 

ट्रम्प ने अपने इस भाषण में अनेक विषयों के बारे में बात की है। उन्होंने अपनी सरकार द्वारा ज़ायोनी शासन की मदद जारी रखने पर बल दिया और कहा कि वे अमरीका के दूतावास को तेल अवीव से बैतुल मुक़द्दस स्थानांतरित करने के अपने फ़ैसले पर अडिग हैं। उन्होंने इसी परिप्रेक्ष्य में कहा कि इस्राईली जनता उन्हें चाहती है और अगर वे इस्राईल में प्रधानमंत्री पद का चुनाव लड़ते तो उन्हें बहुत अधिक वोट मिलते। ट्रम्प ने अपने भाषण में डेमोक्रेटिक पार्टी की कड़ी आलोचना की। उन्होंने शुक्रवार को भी डेमोक्रेट्स पर यहूदी विरोधी होने का आरोप लगाया था।