डाॅक्टर हसन रूहानी ने तेहरान में ईरान व आर्मीनिया के उच्च स्तरीय शिष्टमंडलों की बैठक और सहयोग के दस्तावेज़ों पर हस्ताक्षर के बाद अमरीका के ईरान विरोधी प्रतिबंधों के बारे में येरेवान की नीति की सराहना करते हुए कहा है कि राजनैतिक, सांस्कृतिक, पर्यटन, वैज्ञानिक व विश्वविद्यालयों के क्षेत्र में दोनों देशों बीच बहुत अच्छे संबंध हैं और तेहरान इन संबंधों में विस्तार का स्वागत करता है। उन्होंने इस बात का उल्लेख करते हुए कि आर्थिक क्षेत्र में ईरान व आर्मीनिया के बीच सहयोग की अपार संभावनाएं हैं, कहा कि दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग का सबसे अहम क्षेत्र गैस व बिजली है।
इस अवसर पर आर्मीनिया के प्रधानमंत्री निकोल पाशीनयान ने इस बात का उल्लेख करते हुए कि व्यापारिक व आर्थिक सहयोग व वस्तुओं के लेन-देन के स्तर में वृद्धि के लिए दोनों देशों के बीच नए क्षितिज खुले हैं, कहा कि इन अवसरों से लाभ उठाने के लिए व्यापारियों और उद्यमियों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनका देश ईरान के साथ सहयोग में विस्तार का संकल्प रखता है और आर्मीनिया, ईरान की गैस को जाॅर्जिया स्थानांतरित करने में अपनी भूमिका निभाने के लिए तैयार है। ज्ञात रहे कि ईरान के राष्ट्रपति और आर्मीनिया के प्रधानमंत्री की उपस्थिति में बुधवार को दोनों देशों के बीच तेहरान में आपसी सहयोग के दो दस्तावेज़ों और सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए गए।