बहराम क़ासेमी ने बुधवार को भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव पर चिंता जताते हुए कहा कि ईरान क्षेत्र के दोनों ही प्रभावी देशों से अपील करता है कि वे क्षेत्र की जटिल परिस्थितियों को देखते हुए, धैर्य व संयम से काम लें और इस तनाव को शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त करने की कोशिश करें। उन्होंने कहा कि अगर एेसा न हुआ तो क्षेत्र में अस्थिरता, अशांति और विदेशी हस्तक्षेप की आशंका बढ़ जाएगी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने मंगलवार को भी भारत और पाकिस्तान से अपील की थी कि वे संयम से काम लें और शांतिपूर्ण ढंग से तनाव कम करने की कोशिश करें। ज्ञात रहे कि भारत ने दावा किया है कि उसके युद्धक विमानों ने मंगलवार को उत्तर पश्चिमी पाकिस्तान में आतंकी गुटों के ठिकानों पर हमला करके तीन सौ आतंकियों को मार गिराया है। इसके जवाब में पाकिस्तान के युद्धक विमानों ने बुधवार की सुबह भारतीय क्षेत्रों पर हमला किया और पीछा करने वाले दो भारतीय युद्धक विमानों को मार गिराया।