24 फ़रवरी 2019 - 16:17
सीस्तान व बलोचिस्तान आतंंकी हमला, 13 ख़ूंख़ार आतंकी धरे गये

ईरान के सीस्तान व बलोचिस्तान के प्राॅसिक्यूटर ने कहा कि ज़ाहेदान- ख़ाश सुपर हाईवे हमले में शामिल 13 आतंकियों को गिरफ़्तार किया जा चुका है।

ईरान के सीस्तान व बलोचिस्तान प्रांत के प्राॅसिक्यूटर अली मुवह्हेदी राद का कहना था कि ज़ाहेदान-ख़ाश सुपर हाईवे हमले में लिप्त समस्त आतंकवादियों और उनके सुविधाकारों की गिरफ़्तार तक क्रैक डाऊन का क्रम जारी रहेगा।

इससे पहले प्रांतीय न्याय विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी इब्राहीम हमीद ने कहा था कि सुरक्षा संस्थाओं और सैन्य प्रबंधन संस्थाओं ने ज़ाहेदान- ख़ाश हाईवे पर पेश आने वाले आतंकवादी हमले में आठ लोगों को गिरफ़्तार कर लिया है। 

इसी मध्य राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश संबंध समिति के संसदीय आयोग के सदस्य सैयद हुसैन नक़वी हुसैनी ने कहा कि क्षेत्र में पेश आने वाली अधिकतर आतंकी घटनाओं में सऊदी अरब की वित्तीय सहायता कोई ढकी छिपी बात नहीं है। 

उन्होंने कहा कि सऊदी अरब पड़ोसी देशों के साथ ईरान के संबंध ख़राब करना चाहता है और हमारे एक महत्वपूर्ण पड़ोसी के रूप में पाकिस्तान भी उसका निशाना बन गया। 

सैयद हुसैन नक़वी ने कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान के साथ पाकिस्तान के प्राचीन आर्थिक और राजनैतिक संबंध स्थापित हैं किन्तु वर्तमान स्थिति में पाकिस्तान की ज़िम्मेदारी है और वह आतंकवादी गुटों को तेहरान-इस्लामाबाद संबंध ख़राब करने की अनुमति न दे। 

आईआरजीसी की क़ुद्स ब्रिगेड के कमान्डर जनरल क़ासिम सुलैमानी भी कह चुके हैं कि पाकिस्तान में सऊदी समर्थित तकफ़ीरी तत्व, भारत और अफ़ग़ानिस्तान सहित अपने समस्त पड़ोसियों के लिए शत्रुतापूर्ण कार्यवाही देकर समस्याएं पैदा कर रहे हैं और पाकिस्तान को इस बात को सही ढंग से समझना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की जनता और सरकार को इस बात की अनुमति नहीं देनी चाहिए कि सऊदी अरब के पैसे, तकफ़ीरी आतंकवादियों के हाथ लगें और पाकिस्तान को दुनिया के मुक़ाबले ला खड़ कर दें। 

ज्ञात रहे कि 13 फ़रवरी को ज़ाहेदान- ख़ाश हाईवे पर आईआरजीसी के जवानों की बस को कार बम के धमाके द्वारा आतंकवादी हमलों का निशाना बनाया गया जिसके परिणाम में 27 सुरक्षा कर्मी शहीद और 13 अन्य घायल हो गये थे।

स्वयं को जैशुल अद्ल कहलाने वाले एक आतंकी गुट ने इस कायरतापूर्ण हमले की ज़िम्मेदारी स्वीकार की है जिसकी अमरीका और सऊदी अरब की ओर से भरपूर समर्थन किया जा रहा है।