27 जनवरी 2019 - 16:48
छोटी सी आयत से इस्राईल को नसरुल्लाह का बड़ा संदेश, इस्राईली टीकाकार ने ट्वीट करके बताया मतलब

शनिवार को अल-मयादीन टीवी चैनल से प्रकाशित होने वाले हिज़्बुल्लाह प्रमुख हसन नसरुल्लाह के बहुप्रतीक्षित इंटरव्यू के वीडियो में दीवार पर लटकी एक तख़्ती ने एक इस्राईली टीकाकार का ध्यान अपनी ओर खींचा है।

हिज़्बुल्लाह के महासचिव जिस कमरे में यह इंटरव्यू दे रहे हैं, उसकी दीवार पर एक तख़्ती लटकी हुई देखी जा सकती है, जिस पर क़ुरान की एक आयत लिखी हुई है।

इस्राईल की अरबी भाषा में न्यूज़ वेबसाइट अल-मसदर की संस्थापक संपादक शिमरित मेयिर ने इस पर आश्चर्य करते हुए कहा है कि नसरुल्लाह ने यह तख़्ती बस यूं  ही नहीं लगाई है, बल्कि वह इस छोटी सी आयत के ज़रिए एक बड़ा संदेश इस्राईलियों को देना चाह रहे थे।

शिमरित मेयिर का कहना है कि हिज़्बुल्लाह प्रमुख इससे संदेश देना चाहते हैं कि जब वे चाहें बहुत ही आसानी से फ़िलिस्तीन (इस्राईली क़ब्ज़े वाले फ़िलिस्तीनी क्षेत्रों) में प्रवेश कर सकते हैं।

वास्तव में वीडियो फ़ुटेज में दिखाई देने वाली तख़्ती पर जो आयत लिखी हुई है वह क़ुराने मजीद के सूरए हिज्र की 46वीं आयत है, जिसका अर्थ हैः शांति और सुरक्षा के साथ इसमें प्रवेश कर जाओ।

शनिवार को अपने ट्वीटर हैंडल पर इस्राईली महिला टीकाकार ने लिखा, आज रात नसरुल्लाह द्वारा उठाए गए मुद्दों पर नज़र डालने से कुछ दिलचस्प बातें निकलकर सामने आती हैं। उनके सिर के ऊपर लगे छोटे से बोर्ड में क़ुरान की एक आयत लिखी हुई है। जिसका मतलब है, शांति और सुरक्षा से प्रवेश कर जाओ। क्या यह इस बात का संकेत है कि फ़िलिस्तीन (इस्राईली क़ब्ज़े वाले फ़िलिस्तीनी क्षेत्रों) में प्रवेश कर जाओ, सुरंगों का पता लग जाने के बावजूद।