22 जनवरी 2019 - 15:25
सऊदी अरब के मंत्री ने माना कि सीरिया संकट तबलीग़ियों के उकसावे का नतीजा था!!!

सऊदी अरब के इस्लामी मामलों के मंत्री ने अपने एक चौंकाने वाले बयान में कहा है कि सीरिया संकट तबलीग़ियों के उकसावे का परिणाम था।

अब्दुललतीफ़ बिन अब्दुल अज़ीज़ आले शैख़ ने कहा है कि सीरिया एक शक्तिशाली देश था और इस देश का संकट, फ़ित्ना फैलाने वाले प्रचारकों के उकसावे का नतीजा है। सीरिया का संकट वर्ष 2011 में शुरू हुआ था और उस समय सऊदी अरब ने आतंकी गुटों का भरपूर साथ दिया था। उसने सीरियाई जनता के जनसंहार में आतंकी गुटों की हर तरह की मदद की थी और इस प्रकार वह उनके अमानवीय अपराधों में बराबर का भागीदार है।

 

अलमयादीन टीवी चैनल की रिपोर्ट के अनुसार सऊदी अरब के इस्लामी मामलों के मंत्री ने कहा कि कुछ अरब देशों में अरब बहार के नाम से जो क्रांतियां आईं वह विषैली थीं और अरब बहार, अरबों व मुसलमानों के लिए घातक है। उन्होंने कहा कि सीरिया में पिछले बरसों में जो कुछ हुआ वह फ़ित्ना फैलाने वाले तबलीग़ियों द्वारा जनमत को उकसाए जाने का नतीजा था। अरबी समाचारपत्र अलक़ुद्सुल अरबी ने उनके इस बयान पर प्रतिक्रिया जताते हुए लिखा है कि बड़ी ही हास्यास्पद बात है कि सऊदी अरब के इस्लामी मामलों के मंत्री, अब सीरिया की जनता पर हमला कर रहे हैं कि उसने क्यों फ़ित्ना फैलाने वाले प्रचारकों की बात मानी जब कि वे पिछले सात बरसों में सीरिया के संबंध में अपने देश के रुख़ को भूल गए हैं क्योंकि वास्तव में रियाज़ ख़ुद ही इन फ़ित्ना फैलाने वालों का साथी था।