21 जनवरी 2019 - 15:17
मोगरीनी ने फिर बल देकर कहाः वाॅरसा बैठक में भाग नहीं लूंगी।

यूरोपीय संघ के विदेश मामलों की प्रभारी ने एक बार फिर बल देकर कहा है कि वे पोलैंड में प्रस्तावित ईरान विरोधी बैठक में भाग नहीं लेंगी।

फ़ेडरिका मोगरीनी ने सोमवार को पुनः कहा कि जिन दिनों वाॅरसा में बैठक आयोजित होगी उन दिनों वे इथोपिया की राजधानी अदीस अबाबा में अफ़्रीक़ी संघ की बैठक में भाग लेंगी और वाॅरसा बैठक में भाग नहीं लेंगी। ज्ञात रहे कि यह ईरान विरोधी बैठक पोलैंड की राजधानी में अमरीका की मेज़बानी में आयोजित होगी। आयोजन से पहले ही यह बैठक विफल हो चुकी है और अनेक देशों ने इसका स्वागत नहीं किया है। अमरीकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो ने कुछ दिन पहले कहा था कि उनका देश "मध्यपूर्व में शांति व सुरक्षा" के नाम से वाॅरसा में 13 और 14 फ़रवरी को एक बैठक आयोजित करेगा।

 

इस बीच पोलैंड के उप विदेश मंत्री प्रेज़ मिसलाव लाॅंग अपने ईरानी समकक्ष सैयद अब्बास इराक़ची से बात करने के लिए सोमवार को तेहरान पहुंच गए हैं। पोलैंड और अमरीका की मेज़बानी में आयोजित होने वाली प्रस्तावित ईरान विरोधी बैठक पर तेहरान की कड़ी आपत्ति के बाद पोलैंड के उप विदेश मंत्री ने ईरान की यात्रा की है।