6 जनवरी 2019 - 16:49
एसपीवी में विलंब की ज़िम्मेदारी यूरोप पर हैः ईरान

इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने यूरोप की ओर से विशेष वित्तीय व्यवस्था के क्रियान्वयन में विलंब के कारण कड़ी आलोचना की है।

तेहरान में पत्रकारों से बात करते हुए विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता बहराम क़ासिमी का कहना था कि ईरान के लिए यूरोप के विशेष वित्तीय संस्था एसपीवी के क्रियान्वयन में विलंब की समस्त ज़िम्मेदारी यूरोप पर आती है।

बहराम क़ासिमी का कहना कि ईरान ने परमाणु समझौते से संबंधित अपने किए गये समस्त वादे पूरे कर दिए हैं जबकि यूरोप ऐसा करने में विफल रहा है।

ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि तेहरान के धैर्य की एक सीमा है इसीलिए यूरोपीय संघ को इस संबंध में ठोस और व्यवहारिक कार्यवाही अंजाम देनी होगी।

उनका कहना था कि यूरोप ने ईरान के लिए विशेष वित्तीय व्यवस्था पेश करने के उद्देश्य से मज़बूत और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाया है किन्तु समय बीतने के साथ साथ हम ऐसा महसूस कहते हैं कि कुछ यूरोपीय देश एसपीवी व्यवस्था पर अमल करने में बेबस नज़र आ रहे हैं।

ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि यूरोपीय संघ और परमाणु समझौते के तीन यूरोपीय देश की अर्थव्यवस्था, अमरीका से संबंधित है इसीलिए उन्हें आर्थिक क्षेत्रों में आत्मनिर्भर होने की आवश्यकता है।