4 जनवरी 2019 - 15:08
पाकिस्तान ने ईरान की भूमिका सराही

पाकिस्तान ने अफ़ग़ान शांति प्रक्रिया में ईरान की भूमिका की सराहना की है।

पाकिस्तान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि इस्लामाबाद, अफ़ग़ानिस्तान की शांति वार्ता प्रक्रिया में ईरान की भूमिका का स्वागत करता है।

पाकिस्तान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता फ़ैसल ख़ान ने इस्लामाबाद में साप्ताहिक प्रेस सम्मेलन में तेहरान में तालेबान के साथ ईरान की वार्ता और इस संबंध में पाकिस्तान की प्रतिक्रिया के बारे में पूछे जाने वाले एक सवाल के जवाब में कहा कि अफ़ग़ानिस्तान में शांति की स्थापना के लिए सफलता के साथ जारी प्रयासों की परिधि में क्षेत्रीय सहतयोग विशेष महत्व रखता है।

पाकिस्तान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि उनके देश का मानना है कि अफ़ग़ानिस्तान में शांति की स्थापना में इस देश के पड़ोसयी देशों को अपनी भूमिका अदा करनी चाहिए।

ज्ञात रहे कि इन दिनों अफ़ग़ान सरकार और तालेबान के बीच वार्ता के आरंभ के लिए क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रयास तेज़ हो गये हैं।

इस्लामी गणतंत्र ईरान की कोशिश यह है कि पड़ोसी देशों में शांति वार्ता को आगे बढ़ाए ताकि विध्वंसकारी तत्वों को अशांति फैलाने का मौक़ा न मिले। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता बहराम क़ासेमी ने कहा कि यह वार्ता अफ़ग़ान राष्ट्रपति अशरफ़ ग़नी को सूचित करके आयोजित की गई है और इसका लक्ष्य अफ़ग़ान सरकार और तालेबान के बीच वार्ता का रोडमैप तैयार करना है।