प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़ सीरिया में ईरान की इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता के प्रतिनिधि अल्लामा “सैयद अबुल फ़ज़ल तबातबाई अशकज़री” ने बुधवार को नए ईसवी साल की पूर्व संध्या पर सीरिया के प्रख्यात ईसाई धर्मगुरू “बतरीक अलयाज़ची” के साथ एक मुलाक़ात में कहा कि दुनिया मे कुछ ऐसी शक्तियां हैं जो धर्मों के नाम पर इंसानों का बांट रही हैं और उनका जनसंहार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हमारा विश्वास है कि दुनिया के सभी आसमानी धर्म एक दूसरे को पूरा करते हैं, एक दूसरे के मुक़ाबले के लिए नहीं हैं। सैयद अशकज़री ने कहा कि आज दुश्मन आसमानी धर्मों के बीच घनिष्ठ होती दोस्ती से डरा हुआ है।
सीरिया में वरिष्ठ नेता के प्रतिनिधि ने कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान विभिन्न विचारधाराओं और विश्वासों पर आधारित एक ऐसा राष्ट्र है जो पूरी दुनिया में इसी तरह के एकता वाले राष्ट्र को पसंद करता है। ईरान चाहता है कि सभी आसमानी देश एकजुट हों और अपने साझा दुश्मन के मुक़ाबले में कभी पराजित न होने वाली शक्ति बनें। उन्होंने कहा कि आज जैसे-जैसे मुसलानों और आसमानी धर्मों के मानने वालों के बीच एकता बढ़ती जा रही है वैसे-वैसे इस एकता के दुश्मन भयभीत होते जा रहे हैं। सैयद अशकज़री ने कहा कि यही हाल इस्राईल का भी है वह मुसलमानों के बीच एकता से डरा सहमा है और लगातार इसी प्रयास में है कि कैसे मुसलमानों की एकता को भंग करे।
सीरिया में वरिष्ठ नेता के प्रतिनिधि अल्लामा सैयद अबुल फ़ज़ल तबातबाई अशकज़री ने कहा कि जैसा कि हम एक एकजुट राष्ट्र हैं, हमारे दुश्मन भी साझा हैं। उन्होंने कहा कि अगर हालिया वर्षों की घटनाओं पर हम नज़र डालेंगे तो हमें स्वयं पता चल जाएगा कि कैसे हमारी एकता के दुश्मन सीरिया सहित पूरी दुनिया के मुसलमानों, ईसाइयों और अन्य आसमानी धर्मों के मानने वालों के बीच दरार डालने की साज़िश रच रहे हैं।