28 दिसंबर 2018 - 13:39
ईरान ने मंबिज में सीरियाई फ़ोर्सेज़ के दाख़िले और इस देश के राष्ट्रीय ध्वज के फहराए जाने का किया स्वागत

इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने सीरिया के मंबिज शहर में इस देश के ध्वज के फहराए जाने का स्वागत किया है।

बहराम क़ासेमी ने सीरियाई फ़ोर्सेज़ के मंबिज शहर में दाख़िल होने की ओर इशारा करते हुए कहा कि ईरान सीरिया की क्षेत्रीय अखंडता व राष्ट्रीय संप्रभुता का सम्मान होने पर बल देता है और मंबिज शहर पर सीरिया के राष्ट्रीय ध्वज का फहराया जाना, इस देश की पूरी भूमि पर सीरिया की क़ानूनी सरकार की संप्रभुता के मज़बूत होने की दिशा में उठने वाला क़दम समझता है। इसी तरह इस क़दम को सीरिया संकट के हल होने की दिशा में उठने वाला क़दम समझता है।
शुक्रवार को सीरियाई सेना के चीफ़ आफ़ स्टाफ़ ने देश के सैनिकों के मंबिज शहर में दाख़िल होने और इस शहर पर सीरिया के राष्ट्रीय ध्वज के फहराए जाने की सूचना दी।

सीरियाई सेना के चीफ़ आफ़ स्टाफ़ ने एक विज्ञप्ति में देश की भूमि पर सरकार की संप्रभुता को क़ायम कराने में अपनी कर्तव्यपरायणता को अंजाम देने पर बल दिया और कहा कि सीरियाई सेना की टुकड़ियां मंबिज शहर की जनता के अनुरोध पर इस शहर में दाख़िल हुयी हैं।