27 दिसंबर 2018 - 18:12
रूस का एलानः अमरीका द्वारा खाली किये गये सीरियाई क्षेत्रों पर दमिश्क का नियंत्रण होना चाहिए

रूसी विदेशमंत्रालय की प्रवक्ता ने कहा है कि मास्को का यह मानना है कि सीरिया के जिन क्षेत्रों से अमरीकी सैनिक जा रहे हैं उन क्षेत्रों को दमिश्क के हवाले किया जाना चाहिए।

मारिया ज़ाखारोवा ने बुधवार को एक बयान में कहा कि मास्को को आशा है कि सीरिया की सरकार उन सभी इलाक़ों को अपने क़ब्ज़े में ले लेगी जहां से अमरीकी सैनिक वापस जा रहे हैं। 

इसके साथ ही रूसी विदेशमंत्रालय की प्रवक्ता ने कहा कि सीरिया से अमरीकी सैनिकों की वापसी का यह अर्थ नहीं है कि अमरीकी नेतृत्व में बनने वाले गठबंधन की  गतिविधियां भी सीरिया में खत्म हो गयीं। 

उन्होंने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय नियमों के अनुसार उन सभी क्षेत्रों पर जहां से अमरीकी सैनिक वापस जा रहे हैं दमिश्क सरकार का निंयत्रण होना चाहिए लेकिन इस संदर्भ में वाशिंग्टन और दमिश्क के बीच किसी प्रकार के संपर्क की हमें सूचना नहीं है। 

याद रहे अमरीका गैर कानूनी तौर पर सीरिया में उपस्थित है और अब वह  अमरीकी सैनिकों की वापसी के बाद तुर्की के साथ वार्ता कर रहा है ताकि अपनी नाकामी पर पर्दा डालने का कोई रास्ता मिल सके।