12 दिसंबर 2018 - 15:17
इस्राईली सैनिकों की बर्बरता, विकलांग फ़िलिस्तीनी पर भी रहम नहीं किया, सिर में मारी गोली

इस्राईली मानवाधिकार संगठन बी,सेलेम ने मंगलवार को एक सीटीवी फ़ुटेज जारी की है, जिसमें देखा जा सकता है कि इस्राईली सैनिक एक विकलांग फ़िलिस्तीनी युवक को गोली मार देते हैं।

अवैध अधिकृत वेस्ट बैंक में इस्राईली सैनिक मानसिक रूप से विकलांग 22 वर्षीय मोहम्मद इहबाली के सिर में गोली मारकर उसे शहीद कर देते हैं, जबकि उसने कोई भी ऐसा काम नहीं किया था जिससे इस्राईली सैनिकों को किसी तरह का कोई ख़तरा हो।

वीडियो फ़ुटेज से साफ़ स्पष्ट है कि जिस समय फ़िलिसतीनी युवक को गोली मारी गई उस समय वहां कोई झड़प भी नहीं हुई थी।

सीसीटीवी फ़ुटेज में देखा जा सकता है कि इस्राईली सैनिक आपस में बात कर रहे फ़िलिस्तीनी युवकों के पास से गुज़रते हैं और फिर अचानक उनमें से एक इहबाली की ओर मुड़ता है और कुछ ही दूरी से उनके सिर में गोली मार देता है।

बी,सेलेम ने बयान जारी करके कहा है कि वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि जब फ़िलिस्तीनी युवक को गोली मारी गई उस समय वहां किसी तरह की कोई संदिग्ध गतिविधि नहीं देखी गई।

ग़ौरतलब है कि इस्राईली सैनिक आम तौर पर फ़िलिस्तीनियों के घरों पर छापा मारकर युवकों को उठा ले जाते हैं या उन्हें गोली मारकर शहीद कर देते हैं।

मानवाधिकार मामलों के संयुक्त राष्ट्र संघ के कार्यालय का कहना है कि इस साल 19 नवम्बर तक सिर्फ़ वेस्ट बैंक में इस्राईली सैनिकों ने 27 फ़िलिस्तीनियों को गोली मारकर शहीद कर दिया, इसमें इहबाली का नाम शामिल नहीं हैं।