11 दिसंबर 2018 - 16:27
प्रदर्शनकारियों की मांगों के सामने फ़्रान्स के राष्ट्रपति मैक्रां अंततः झुक ही गए

फ़्रान्स के राष्ट्रपति ने राष्ट्रीय टीवी से प्रसारित अपने भाषण में प्रदर्शनकारियों की मांगों को स्वीकार कर लिया है और त्वरित आर्थिक व सामाजिक ज़रूरतों को पूरा करने के लिए ठोस क़दम उठाने की सूचना दी है।

अमानोएल मैक्रां ने अपने भाषण में फ़्रान्स की जनता से वादा किया है कि वे देश में शांति की बहाली के लिए सभी साधनों का इस्तेमाल करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार, ठोस क़दम उठा कर अधिकतर करों को यथाशीघ्र कम करेगी, सरकारी ख़र्चों को नियंत्रित करेगी। फ़्रान्स के राष्ट्रपति ने वादा किया कि कम आय वाले लोगों व मज़दूरों पर कर कम करने की प्रक्रिया तेज़ होगी और सेवानिवृत्त लोगों पर बढ़ाए गए करों को रद्द किया जाएगा।

 

मैक्रां ने बल देकर कहा कि न्यूनतम वेतन में प्रति माह 100 यूरो तक की वृद्धि की जाएगी और नए साल से ओवर टाइम पर से कर समाप्त कर दिया जाएगा। ज्ञात रहे कि फ़्रान्स में 17 नवम्बर से महंगाई, आर्थिक समस्याओं और पेट्रोल व डीज़ल के मूल्य में वृद्धि के ख़िलाफ़ आपत्ति शुरू हुई थी जो तेज़ी से पूंजीवाद विरोधी आंदोलन यलो वेस्ट में बदल गई थी। इस दौरान होने वाले प्रदर्शनों में कम से कम चार लोग मारे गए थे जबकि हज़ारों लोगों को गिरफ़्तार कर लिया गया था