11 दिसंबर 2018 - 16:25
अमरीका के 44 पूर्व सिनेटरों की मांगः ट्रम्प पर महाभियोग चलाया जाए

अमरीका के 44 पूर्व सिनेटरों ने एक पत्र लिख कर राष्ट्रपति ट्रम्प पर महाभियोग चलाए जाने की मांग की है।

वाॅशिंग्टन पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार इस पूर्व सिनेटरों ने अंतर्राष्ट्रीय संबंधों के स्वीकार्य मानकों को तोड़ने पर ट्रम्प को सचेत भी किया है। इन पूर्व सिनेटरों ने अपने पत्र में रिपब्लिकन पार्टी और डेमोक्रेटिक पार्टी दोनों ही दलों को सचेत किया है कि वर्तमान राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प के कार्यकाल में अमरीका की राष्ट्रीय सुरक्षा और सिद्धांत ख़तरे में पड़ गए हैं। इस पत्र में ट्रम्प के कार्यकाल में संविधान का संकट सामने आने और प्रजातंत्र के लिए ख़तरा उत्पन्न होने की बात कही गई है।

 

इस पत्र पर हस्ताक्षर करने वालों ने सिनेट के वर्तमान व आगामी सदस्यों से कहा है कि वे इस बात को सुनिश्चित बनाएं कि जातिगत व दलगत हित, अमरीका के राष्ट्रीय हितों का स्थान नहीं लेंगे। पत्र में कहा गया है कि अमरीका के इतिहास में जब भी कोई संकट आया तो यह सिनेट ही थी जो प्रजातंत्र की रक्षा के लिए उठ खड़ी हुई और आज भी संविधान और प्रजातंत्र ख़तरे में है।

 

अमरीका के 44 पूर्व सिनेटरों ने अपने पत्र में लिखा है कि सिनेट ने रिचर्ड निकसन के ख़िलाफ़ महाभियोग के मामले में कठिन फ़ैसला किया था और अब पुनः समय आ गया है कि सिनेट आवश्यक फ़ैसले करे। ज्ञात रहे कि अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प की नीतियों का देश के भीतर व बाहर कड़ा विरोध होता रहा है और कांग्रेस तथा मीडिया में कई बार उनके ख़िलाफ़ महाभियोग चलाने की मांग की जा चुकी है।