शनिवार को पूरे फ़्रांस में अन्याय के ख़िलाफ़ प्रदर्शन के मद्देनज़र इस देश के प्रधान मंत्री एडवर्ड फ़िलिप ने कहा है कि सरकार शनिवार को 89000 सुरक्षा बल के जवान तैनात करने के लिए तय्यार है जिसमें 8000 पेरिस में तैनात होंगे।
गुरुवार को टीएफ़-1 टेलीविजन से बात करते हुए फ़्रांसीसी प्रधान मंत्री ने कहा कि विशेष सुरक्षा व्यवस्था अपनायी गयी है क्योंकि कुछ लोग प्रदर्शन नहीं बल्कि तोड़ फ़ोड़ के लिए यहां हैं।
फ़िलिप ने कहा कि पिछले शनिवार को पूरे देश में मची अफ़रा-तफ़री को रोकने के लिए पुलिस 10 बक्तर बंद वाहन इस्तेमाल करेगी। ग़ौरतलब है कि यह 2005 में पेरिस के उपनगरीय भाग में हुए दंगों के बाद इतने बड़े पैमाने पर सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है।
2005 में दंगाइयों ने मशहूर चैम्प इलिज़े सड़क पर स्थित दुकानों को लूट लिया था और कारों में आग लगा दी थी।
ग़ौरतलब है कि फ़्रांस में ईंधन पर लगे टैक्स और सरकार के प्रदूषण के ख़िलाफ़ अपनाए गए उपाय के विरुद्ध पिछले महीने विरोध प्रदर्शन फूट पड़े थे जिसका भयावह रूप पिछले शनिवार को पेरिस में नज़र आया जिसके दौरान लोग पूरे पेरिस में तोड़-फोड़ करते हुए नज़र आए।