एएफ़पी के अनुसार रूसी राष्ट्रपति विलादीमीर पुतीन ने कहा है कि मास्को, इन्टीमीडिएट रेंज न्यूक्लियर फ़ोर्सेज़ ट्रेटी अर्थात मध्य दूरी तक मार करने वाले परमाणु हथियारों का उल्लंघन नहीं कर रहा है।
उन्होंने वाशिंग्टन पर आरोप लगाया कि वह रूस को सीमित करना चाहता है। ज्ञात रहे कि पिछले दिनों अमरीका ने रूस को 60 दिन का अवसर देते हुए धमकी दी थी कि यदि मास्को, वाशिंग्टन की चिंताओं को दूर करने में विफल रहा तो शीत युद्ध के काल के परमाणु समझौते से निकलने की प्रक्रिया शुरु हो जाएगी।
अमरीकी विदेशमंत्री माइक पोम्पियो ने कहा था कि रूस ने इन्टीमीडिएट रेंज क्रूज़ मीज़ाइल एसएससी-8 तैयार कर लिए हैं जो समझौते का उल्लंघन है। उन्होंने नैटो के घटक देशों से मुलाक़ात के बाद पत्रकारों को बताया कि उक्त रूस मीज़ाइल, यूरोप के शहरों को निशाना बनाने की क्षमता रखते हैं।
रूसी राष्ट्रपति विलादीमीर पुतीन ने रूसी न्यूज़ एजेन्सी को बताया कि पहले अमरीका ने समझौता ख़त्म करने का इरादा ज़ाहिर किया फिर उसके लिए औचित्य ढूंढा।
उन्होंने कहा कि अमरीका ने आरंभिक औचित्य पेश किया कि रूस समझौते का उल्लंघन कर रहा है और इसी दौरान उसने अपने दृष्टिकोण के पक्ष में कोई सबूत पेश नहीं किया जैसा कि अमरीका करता है।
ज्ञात रहे कि अमरीकी और रूसी राष्ट्रपति रोनल्ड रीगन और गोर्बाचोफ़ ने 1987 में समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।